Follow

फर्जी OSD बनकर घूम रहा था जालसाज, गिरफ्तार

लाल-नीली बत्ती लगी इनोवा से VIP प्रोटोकॉल लेता था

न्यूज़म ब्यूरो

बस्ती। उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो लगाकर और लाल-नीली बत्ती लगी इनोवा कार में घूमकर खुद को लखनऊ सचिवालय का विशेष कार्याधिकारी (OSD) बताने वाले एक शातिर जालसाज को बस्ती पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सरकारी दफ्तरों और टोल प्लाजा पर वीआईपी प्रोटोकॉल का लाभ उठाता था। साथ ही लोगों से काम कराने के नाम पर ठगी करने का भी आरोप है।

कोतवाली प्रभारी बृजानन्द सिंह और यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने बड़ेबन पुल के नीचे चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने लाल-नीली बत्ती लगी इनोवा कार, दो वॉकी-टॉकी, पांच फर्जी विजिटिंग कार्ड, एक आईफोन और चार एटीएम कार्ड बरामद किए।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहसिन खान (28) बताया। वह दारुलशफा, हजरतगंज, लखनऊ में रहता है और मूल रूप से चईयाबारी, बस्ती का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, मोहसिन काफी समय से फर्जी पहचान और सरकारी अधिकारी होने का रौब दिखाकर विभिन्न जिलों में वीआईपी प्रोटोकॉल हासिल कर रहा था।

Advertisement

आरोपी ने अपने प्रभाव को और बढ़ाने के लिए लखनऊ निवासी राजेश यादव को 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर ड्राइवर रखा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के सरकारी अधिकारी होने के दावे पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh