Follow

पानी की सप्लाई पर लगने वाला है 24 घंटे का ब्रेक! कई इलाकों में नल रहेंगे सूखे, BMC ने जारी किया अलर्ट

26 नवंबर से मुख्य जलवाहिनियों की मरम्मत के चलते छह प्रशासनिक विभागों में जलापूर्ति बंद या कम दबाव से होगी, नागरिकों को पहले से पानी जमा करने की सलाह।

राहुल गुप्ता

मुंबई, 24 नवंबर। मुंबई के कई इलाकों में अगले सप्ताह पानी की परेशानी बढ़ सकती है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से पवई उच्चस्तरीय जलाशय क्रमांक-1 (पीएचएलआर-1) से सहार गांव के बीच मुख्य जलवाहिनियों में हुई लीकेज की मरम्मत की जाएगी। इस कार्य के चलते शहर के छह प्रशासनिक विभागों के विभिन्न इलाकों में 24 घंटे तक जलापूर्ति बंद रहेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से पानी मिलेगा।

बीएमसी के जनसंपर्क विभाग की ओर से 23 नवंबर 2026 को जारी सूचना के अनुसार, मरम्मत कार्य गुरुवार, 26 नवंबर को सुबह 9 बजे शुरू होगा और शुक्रवार, 27 नवंबर को सुबह 9 बजे तक चलेगा। इस दौरान जी उत्तर, के दक्षिण, के उत्तर, एच पूर्व, एस और एन विभाग के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।

धारावी और माटुंगा में भी पानी की कटौती

Advertisement

जी उत्तर विभाग के अंतर्गत धारावी लूप मार्ग, ए.के.जी. नगर, प्रेम नगर, नाईक नगर, धारावी मुख्य सड़क, गणेश मंदिर मार्ग, दिलीप कदम मार्ग, जैस्मिन मिल मार्ग, माहिम फाटक और कुंभारवाड़ा सहित कई इलाकों में अलग-अलग समय पर जलापूर्ति बंद रहेगी।

शुक्रवार को माटुंगा लेबर कैंप, संत रोहिदास मार्ग, 60 फीट रोड, 90 फीट रोड, संत कक्कैया मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग सहित अन्य क्षेत्रों में भी पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।

अंधेरी, मरोळ और सहार के कई इलाके प्रभावित

के दक्षिण और के उत्तर विभाग के अंतर्गत विजय नगर मरोळ, मिलिट्री रोड, वसंत ओएसिस, मरोळ गांव, गावदेवी, सेवन हिल्स अस्पताल, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सिप्ज, एमआईडीसी, कोंडिविटा, माहेश्वरी नगर, भवानी नगर, चकाला, प्रकाशवाड़ी, जे.बी. नगर और कांती नगर सहित कई इलाकों में जलापूर्ति बंद रहेगी।

वहीं, कोलडोंगरी, विजय नगर (सहार रोड), मोगरपाड़ा और कुछ अन्य क्षेत्रों में कम दबाव से पानी मिलेगा। शुक्रवार, 27 नवंबर को ओम नगर, कांती नगर, राजस्थान सोसायटी, साई नगर, सहार गांव, सुतारपाखाड़ी और कार्गो परिसर में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी।

बांद्रा पूर्व के कई इलाकों में भी नहीं मिलेगा पानी

एच पूर्व विभाग के अंतर्गत बांद्रा टर्मिनस में 26 और 27 नवंबर को जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा शुक्रवार को ए.के. मार्ग, खेरवाड़ी सर्विस रोड, बेहरामपाड़ा, खेरनगर, निर्मल नगर और बांद्रा पूर्व के अन्य इलाकों में भी पानी नहीं मिलेगा।

विक्रोली और भांडुप में कम दबाव की समस्या

एस विभाग के अंतर्गत विक्रोली पश्चिम, कांजूरमार्ग पश्चिम, सूर्या नगर, आंबेडकर चौक, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और सनसिटी परिसर में 26 नवंबर को कम दबाव से पानी की आपूर्ति होगी। वहीं, मोरारजी नगर, गौतम नगर, जय भीम नगर, पासपोली गांव और कैलाश नगर में 26 और 27 नवंबर को पानी बंद रहेगा।

इसके अलावा बेस्ट नगर, फिल्टरपाड़ा, गावदेवी, पठानवाड़ी, महात्मा फुले नगर और आरे रोड सहित कई क्षेत्रों में भी जलापूर्ति प्रभावित होगी। भांडुप पश्चिम के श्रीरामपाड़ा, त्रिमूर्ति नगर, आंब्याची भरणी, वाघोबा वाड़ी, तानाजी वाड़ी, नरदास नगर और शिवाजी नगर में दोनों दिन कम दबाव से पानी मिलेगा।

एन विभाग के कई क्षेत्रों में कम दबाव से आएगा पानी

एन विभाग के अंतर्गत अपर डेपो पाड़ा, लोअर डेपो पाड़ा, सागर नगर, विक्रोली पश्चिम रेलवे स्टेशन मार्ग, फिरोजशाह नगर, गोदरेज परिसर, मेफेयर इमारतें, कैलाश परिसर, वाधवा रेजिडेंसी, प्रेसिडेंशियल टावर्स, कल्पतरु परिसर, आर-सिटी मॉल, दामोदर पार्क, श्रेयस सिनेमा, साईनाथ नगर और नित्यानंद नगर सहित विभिन्न इलाकों में गुरुवार को कम दबाव से पानी की आपूर्ति होगी।

बीएमसी की नागरिकों से खास अपील

महानगरपालिका ने प्रभावित इलाकों के नागरिकों से अपील की है कि वे मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त पानी जमा कर लें। साथ ही मरम्मत के दौरान पानी का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक और मितव्ययिता से करने की सलाह दी गई है।

बीएमसी के अनुसार, मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद भी अगले तीन से चार दिनों तक कुछ इलाकों में कम दबाव से पानी आने की संभावना है। इसके अलावा पानी मटमैला होने की आशंका को देखते हुए नागरिकों को उसे छानकर और उबालकर पीने की सलाह दी गई है।

महानगरपालिका ने इस आवश्यक मरम्मत कार्य के दौरान नागरिकों से सहयोग करने की अपील की है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh