Follow

‘रामायण’ के चित्रण पर विवाद, निर्माता-निर्देशक के खिलाफ पुलिस में शिकायत; FIR दर्ज करने की मांग

हिंदू जनजागृति समिति ने वाल्मीकि रामायण के प्रसंगों को विकृत करने का लगाया आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

राहुल गुप्ता

मुंबई, 24 नवंबर। हाल ही में प्रदर्शित फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू जनजागृति समिति ने आरोप लगाया है कि फिल्म में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर मूल वाल्मीकि रामायण के प्रसंगों और पूजनीय पात्रों का विकृत चित्रण किया गया है, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले में समिति के प्रवक्ता शतीश कोचरेकर ने मुंबई के मुलुंड पश्चिम पुलिस थाने में फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई है।

रावण के महिमामंडन का आरोप

हिंदू जनजागृति समिति का कहना है कि रामायण केवल मनोरंजन का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था और जीवनमूल्यों का आधार है। समिति का आरोप है कि फिल्म में अत्याचारी रावण को गरीबों को सोने के घर देने वाला, शोषितों का तारणहार और महिलाओं के सम्मान का रक्षक बताकर उसका अनुचित महिमामंडन किया गया है।

Advertisement

शिकायत के मुताबिक, ताड़का और खर-दूषण की राक्षसी सेना के सामने अस्त्र-शस्त्रों से सुसज्जित प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण को भयभीत होकर पीछे हटते और भागते हुए दिखाया गया है। वहीं, निःशस्त्र रावण को विशाल सेना के सामने अकेले निर्भय होकर लड़ते हुए दिखाने पर भी आपत्ति जताई गई है।

सीता और लक्ष्मण के चित्रण पर भी सवाल

समिति ने शूर्पणखा की नाक काटे जाने के प्रसंग को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई है। आरोप है कि फिल्म में माता सीता को लक्ष्मण को यह कहते हुए दिखाया गया है कि किसी भी स्त्री का रूप विकृत करने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है।

इसके अलावा, प्रभु श्रीराम द्वारा खर-दूषण नामक राक्षसों से क्षमा मांगने के प्रसंग को भी समिति ने काल्पनिक और आपत्तिजनक बताया है। शिकायत में कहा गया है कि त्याग और निष्ठा के प्रतीक लक्ष्मण को उद्दंड तथा गुरुजनों का उपहास करने वाले व्यक्ति के रूप में दिखाकर उनके पूजनीय चरित्र का अवमूल्यन किया गया है।

बीएनएस की धाराओं के तहत FIR की मांग

मुलुंड पश्चिम पुलिस थाने में दी गई शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 299 और धारा 196 के तहत जांच कर मामला दर्ज करने की मांग की गई है। धारा 299 जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण इरादे से धार्मिक भावनाओं को आहत करने से संबंधित है, जबकि धारा 196 धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से जुड़ी है।

समिति ने निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और अन्य संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।

फिल्म की पटकथा और आपत्तिजनक दृश्यों की जांच की मांग

शिकायत में फिल्म की पूरी आधिकारिक प्रति, पटकथा, संवादों और आधिकारिक उपशीर्षकों को जांच के लिए प्राप्त करने की मांग भी की गई है। समिति चाहती है कि प्रत्येक कथित आपत्तिजनक दृश्य का सटीक टाइमस्टैम्प साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा जाए।

इसके साथ ही मूल ग्रंथ और फिल्म में किए गए बदलावों की तुलना के लिए वाल्मीकि रामायण के विद्वानों, संस्कृत विशेषज्ञों और धर्मशास्त्र के जानकारों की राय लेने की मांग की गई है।

कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

हिंदू जनजागृति समिति ने कहा है कि कलात्मक स्वतंत्रता के नाम पर हिंदुओं के श्रद्धास्थलों और पूजनीय पात्रों का अपमानजनक चित्रण स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने पुलिस प्रशासन से शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्यवाही करने की मांग की है।

समिति ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वह लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से और अधिक तीव्र आंदोलन करेगी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh