– नारायणगढ़ में तेलूराम मेमोरियल ट्रस्ट पुस्तकालय का उद्घाटन, सुमन सैनी ने किया लोकार्पण
नारायणगढ़, 14 नवंबर। हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी ने शुक्रवार को सैनी धर्मशाला, नारायणगढ़ में तेलू राम मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा स्थापित पुस्तकालय का विधिवत रिबन काटकर उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय तेलू राम जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इसके उपरांत सैनी सभा की ओर से नम्बरदार सुरेश पाल, पूर्व प्रधान मा. केहर सिंह सैनी, शिक्षिका कमला देवी तथा हंसराज सैनी आदि द्वारा श्रीमती सुमन सैनी को शॉल, पगड़ी एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप सैनी अम्बली ने भी पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में श्रीमती सुमन सैनी ने कहा कि यह पुस्तकालय सिर्फ किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि ज्ञान, शिक्षा, मार्गदर्शन और समाजहित की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय तेलू राम जी का जीवन समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश देता है। यह पुस्तकालय आने वाली पीढिय़ों को यह संदेश देगा कि ज्ञान ही सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु संसाधन उपलब्ध कराना, पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण देना और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय तेलू राम जी एक सैनिक थे और उन्हीं के संस्कारों के आधार पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज हरियाणा के विकास और जनता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। सुमन सैनी ने 16 नवम्बर को नारनौल में आयोजित महाराजा सूर सैन जयंती समारोह का निमंत्रण देते हुए 25 नवम्बर को कुरूक्षेत्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में भी बढ-चढ भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350 वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में चार पवित्र नगर कीर्तन यात्राएं निकाली जा रही हैं, जो हरियाणा के सभी जिलों से गुजरेंगी। इन यात्राओं का समापन 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र में होगा। अगले दिन, 25 नवंबर को श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी वर्ष पर कुरुक्षेत्र में महासमागम का आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती सुमन सैनी ने बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं एनडीए सरकार की नीतियों का परिणाम बताया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर अपनी खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर मंच संचालन मा. बलजीत सैनी द्वारा किया गया। पूर्व प्रधान मा. केहर सिंह सैनी, शिक्षाविद कुलभूषण सैनी तथा मार्किट कमेटी चेयरमैन नरेन्द्र राणा कुराली ने भी अपने विचार रखते हुए श्रीमति सुमन सैनी का स्वागत किया और तेलूराम मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा पुस्तकालय खोलने पर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में चंदन सैनी, हनीश सैनी, विकास सैनी, जगपाल सैनी, जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, दयाल सैनी, पवन गुर्जर, मण्डल प्रधान जगदीप कौर व धर्मवीर गुर्जर, पूर्व सरपंच रणधीर सिंह, बीडीसी मैम्बर दीपचंद, महेन्द्र सैनी, डॉ. रोहित सैनी, मंगू राम कंजाला, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन संजीव गुर्जर, पार्षद सिम्पी गैरा, राजू मक्कड़, संजीव कौशिक, प्रवीण धीमान, प्रीतपाल कौर मक्कड़, मंजू कौशिक, नेब सैनी रज्जूमाजरा सहित सैनी सभा के सदस्य एवं भाजपा कार्यकर्ता तथा विभिन्न गांवों के पंच-सरपंच मौजूद रहे। कार्यक्रम में राजकीय उच्च विद्यालय हमीदपुर के बच्चों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर एक स्वास्थ्य जांच कैम्प भी आयोजित किया जिसमें डॉ. राणा सिंह, डॉ. सांची, डॉ. राहुल की टीम द्व्रारा जांच कर दवाईयां दी गई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।