पानीपत में भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा की गई तैयार*
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 26 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में रविवार को पानीपत भाजपा कार्यालय में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन को लेकर प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 14 प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों और बूथ स्तर तक आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई तथा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, जगदीश चौपड़ा, नीति सेन भाटिया, पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, CM के पोलिटिकल एडवाइजर तरूण भंडारी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस करोड़ों लोगों के दर्द, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का दिवस है। उन्होंने कहा कि देश का विभाजन इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक था और नई पीढ़ी को उस दौर की वास्तविकता तथा राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में प्रदर्शनी, संगोष्ठी, विचार गोष्ठी,, विभाजन की विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी, प्रबुद्धजन संवाद, युवा सम्मेलन तथा विभाजन पीड़ित परिवारों के सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्कूलों, महाविद्यालयों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी इतिहास से सीख लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वाेपरि रखने का संकल्प ले।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मनाया जाने वाला यह दिवस केवल अतीत को याद करने का नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि इस दौरान विभाजन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले लाखों ज्ञात-अज्ञात लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सभी जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें और प्रत्येक कार्यक्रम को राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता तथा इतिहास के प्रति जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए आने वाली पीढ़ियों को एक मजबूत, अखंड और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

