Follow

स्पीकर कल्याण ने की घरौंडा हलके के विकास कार्यों की समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 8 अप्रैल। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने अपने विधान सभा क्षेत्र घरौंडा के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग, वन विभाग तथा सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह तथा सिंचाई विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर संजय राहड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान घरौंडा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृतियों की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए ताकि विकास कार्यों में कोई देरी न हो।

बैठक में एनसीसी एकेडमी भवन के निर्माण, बसताड़ा के कन्या महाविद्यालय तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। करनाल रिंग रोड से लेकर पं. दीन दयाल मेडिकल यूनिवर्सिटी-कुटैल अप्रोच रोड तक पक्के नाले के दोनों किनारों पर निर्माण और सौंदर्यीकरण को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान नाबार्ड की सहायता से शुरू होने वाली मुनक माइनर की गगसिना से बिजना तक रिमॉडलिंग परियोजना पर भी बात हुई। साथ ही गांवों के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जनता को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Advertisement

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh