Follow

हरियाणा भाजपा में महिला नेतृत्व का उदय, डॉ.अर्चना गुप्ता की नियुक्ति से संगठन होगा मजबूत : ऊषा

हरियाणा भाजपा में जश्न, महिला मोर्चा ने जताया केंद्रीय नेतृत्व का आभार

आधी आबादी में अपार खुशी, एक दूसरे को मिठाई खिला कर दी बधाई

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 28 मई। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर एक बड़ा फैसला लेते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस घोषणा के बाद से ही पूरी पार्टी और विशेषकर महिला कार्यकर्ताओं में अपार खुशी और उत्साह का माहौल है। पार्टी के इस कदम को महिला सशक्तिकरण और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला माना जा रहा है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी ने एक बयान जारी कर केंद्रीय और राज्य नेतृत्व का आभार जताया है।

वरिष्ठ भाजपा नेत्री ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना अत्यंत सराहनीय और स्वागत योग्य कदम है। डॉ. अर्चना गुप्ता का लंबा राजनीतिक अनुभव, उनकी संगठनात्मक क्षमता और समाज के प्रति उनका समर्पण जगजाहिर है। उनके इस शीर्ष पद पर आने से न केवल भाजपा को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि आने वाले समय में पार्टी का नेतृत्व और अधिक मजबूत, एकजुट और धारदार होगा। यह कदम महिला सशक्तिकरण को और बढ़ावा देगा।

Advertisement

डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति की खबर आते ही प्रदेशभर में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। महिला विंग का मानना है कि एक कर्मठ, शिक्षित और संवेदनशील महिला नेता को प्रदेश की कमान मिलने से महिलाओं का राजनीति में प्रतिनिधित्व और सम्मान और ज्यादा बढ़ेगा। इस नियुक्ति पर खुशी जताते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी ने आगे कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के मार्गदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा और पूरी पार्टी प्रदेश के कोने-कोने में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाएगी। कार्यकर्ताओं का भरोसा है कि उनका कुशल नेतृत्व आगामी चुनौतियों और सांगठनिक कार्यों में पार्टी को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

वरिष्ठ भाजपा नेत्री ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता की छवि साफ-सुथरी और सबको साथ लेकर चलने वाली नेता की रही है। उनकी इस नियुक्ति से हरियाणा भाजपा में नए समीकरण देखने को मिलेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं, विशेषकर आधी आबादी के बीच एक बेहद सकारात्मक संदेश गया है। पूरी उम्मीद है कि डॉ. अर्चना गुप्ता का नेतृत्व भाजपा के साथ—साथ आधी आबादी के हित को बढ़ावा देगा।

वरिष्ठ भाजपा नेत्री ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि हरियाणा में भारतीय पार्टी की सरकार बनने के बाद से प्रदेश में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। जिसके परिणामस्वरूप राज्य की बेटियों और महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया है। सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से मजबूत किया है। हरियाणा में भाजपा की सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारती है। ‘लाडो लक्ष्मी’ से लेकर ‘लखपति दीदी’ तक की यात्रा यह बताती है कि भाजपा के एजेंडे में महिला सशक्तिकरण सबसे ऊपर है। आने वाले समय में संगठन और सरकार मिलकर महिलाओं के गौरव और अधिकारों को और ऊंचाई पर ले जाएंगे।

 

Advertisement
Tap to Refresh