Follow

छाता पकड़ने पर इस्तीफा, तो पैर छूने पर कार्रवाई क्यों नहीं?

रवींद्र धंगेकर ने चंद्रकांत पाटिल की तस्वीर साझा कर मुख्यमंत्री फडणवीस से मांगा जवाब, महायुति में दोहरे मापदंड का आरोप

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 23 नवंबर। महाराष्ट्र की सत्ताधारी महायुति में शामिल भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना नेता और पुणे महानगर प्रमुख रवींद्र धंगेकर ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल को लेकर सवाल उठाए हैं। धंगेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पाटिल की अशोक खरात के साथ तस्वीर साझा करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कार्रवाई की मांग की है।

धंगेकर ने इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की नेता और महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर का उदाहरण देते हुए महायुति में दोहरे मापदंड अपनाए जाने का आरोप लगाया है।

रुपाली चाकणकर के मामले का दिया हवाला

Advertisement

धंगेकर का सवाल है कि जब अशोक खरात के ऊपर छाता पकड़ने के मामले में रुपाली चाकणकर को महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा, तो फिर मंत्री चंद्रकांत पाटिल के मामले में अलग मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है? उन्होंने दावा किया कि पाटिल ने खरात के पैर छुए थे। इसी तस्वीर को साझा कर उन्होंने भाजपा नेतृत्व से जवाब मांगा है।

मुख्यमंत्री फडणवीस से समान कार्रवाई की मांग

धंगेकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को संबोधित करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि न्याय करते समय फैसले इस आधार पर नहीं होने चाहिए कि संबंधित व्यक्ति कौन है। रुपाली चाकणकर पर जो मापदंड लागू किया गया था, वही चंद्रकांत दादा पाटिल पर भी लागू होना चाहिए।

उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या ‘खरात बाबा’ ने सिर्फ चंद्रकांत दादा के लिए अलग मापदंड तय कर रखा था? धंगेकर की इस पोस्ट के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है।

कौन है अशोक खरात, जिसके कारण मचा राजनीतिक बवाल?

नासिक के स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात पर महिलाओं के यौन शोषण, दुष्कर्म और आर्थिक अनियमितताओं समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं। मार्च 2026 में महिलाओं के यौन शोषण और दुष्कर्म के आरोपों में उसकी गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आया।

तस्वीरें वायरल होने के बाद रुपाली चाकणकर को देना पड़ा था इस्तीफा

अशोक खरात प्रकरण सामने आने के बाद एनसीपी नेता रुपाली चाकणकर की उसके साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में मौजूदगी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसके बाद विपक्ष ने भी चाकणकर को लेकर सवाल उठाए थे। बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच उन्हें महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

अब रवींद्र धंगेकर ने इसी प्रकरण का हवाला देकर चंद्रकांत पाटिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ऐसे में इस मुद्दे ने महायुति के भीतर जवाबदेही और नेताओं के लिए समान मापदंड का सवाल खड़ा कर दिया है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh