18 से 20 दिसंबर तक जियो वर्ल्ड सेंटर में चलेगा तीन दिवसीय सम्मेलन, 150 से अधिक वक्ता रखेंगे विचार
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 23 नवंबर। वैश्विक हिंदू समाज को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से विश्व हिंदू कांग्रेस (World Hindu Congress) 2026 का आयोजन मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में किया जाएगा। 18 से 20 दिसंबर तक होने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 60 से अधिक देशों के 4,500 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें 150 से अधिक वक्ता वैश्विक हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार रखेंगे।
सात विषयों पर होगा मंथन
सम्मेलन की थीम ‘समानं व्रतं सह चित्तम्’ रखी गई है, जिसका भावार्थ साझा प्रतिबद्धता और सामूहिक संकल्प है। आयोजन के दौरान सात समानांतर विषयगत सम्मेलन होंगे। इनमें अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला, युवा और हिंदू संगठनों से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इसमें दुनिया भर के हिंदू नेता, विचारक, उद्यमी, शिक्षाविद, नीति-निर्माता और सामाजिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक हिंदू समुदाय के बीच संवाद, सहयोग और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। साथ ही समाज के प्रति हिंदू समुदाय के योगदान और उसकी वैश्विक भूमिका पर भी मंथन होगा।
चार साल में एक बार होता है आयोजन
विश्व हिंदू कांग्रेस का आयोजन प्रत्येक चार वर्ष में किया जाता है। इसकी शुरुआत 2014 में नई दिल्ली से हुई थी। इसके बाद 2018 में शिकागो और 2023 में बैंकॉक में सम्मेलन आयोजित किए गए। इस बार मुंबई में होने वाले आयोजन में हिंदू समाज के विकास, संगठन और वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सीएम फडणवीस ने किया था लोगो का अनावरण
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 18 नवंबर को विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 की थीम और आधिकारिक लोगो का अनावरण किया था। लोगो में मानव आकृतियों को एक-दूसरे से जोड़कर पहिए जैसी संरचना बनाई गई है, जो सामूहिक एकता और साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसमें पवित्र अग्नि के सामने उठे हाथ सामूहिक संकल्प को दर्शाते हैं। केसरिया-लाल और सुनहरे रंग त्याग, पवित्रता, साहस और समृद्धि के प्रतीक के रूप में शामिल किए गए हैं।
लोगो के नीचे अंकित अथर्ववेद का मंत्र ‘समानं व्रतं सह चित्तम्’ सम्मेलन की मूल भावना को दर्शाता है। इसके माध्यम से वैश्विक हिंदू समाज के बीच एकजुटता, सहयोग और सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
