न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़/रेवाड़ी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने रेवाड़ी में चल रहे नगर निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने चेयरमैन पद की कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका चौधरी सहित पार्षद पद के उम्मीदवारों के लिए जनसभाएं कर जनता से समर्थन की अपील की।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि रेवाड़ी की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस पार्टी विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में स्थानीय समस्याओं की अनदेखी हुई है, जिससे आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी के शासन काल में रेवाड़ी में अभूतपूर्व विकास हुआ कांग्रेस के शासनकाल में ही इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी बनाई गई और सैनिक स्कूल भी कांग्रेस के शासनकाल में बनवाया गया। उन्होंने कहा कांग्रेस विकास और उत्थान की विचारधारा रखती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस के प्रत्याशी जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और रेवाड़ी में विकास की नई दिशा तय करेंगे। राव नरेंद्र सिंह ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे कांग्रेस प्रत्याशियों को अपना समर्थन देकर शहर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करें।
इस अवसर पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ चुनाव प्रचार में भाग लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं एआईसीसी सचिव चिरंजीव राव , पूर्व मंत्री एम एल रंगा , जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी , सुभाष छावड़ी , प्रदीप गुलिया , सुशील धानक , सतबीर झुकिया , चेयरमैन प्रत्याशी निहारिका चौधरी , पार्षद प्रत्याशी रेखा दहिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।