Follow

ठंड मे बेबस लोगो के लिए सहारा बनी पंचकूला पुलिस

पुलिस की अपील : सक्षम लोग ऐसे नेक कार्यों में आगे आएं

पुराने कपड़े, कंबल, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं दान कर जरुरतमंदो का सहारा बनें

पंचकूला/10 दिसंबर : पंचकूला पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करते हुए ठिठुरन भरी सर्द रातों में उन लोगों तक मदद पहुंचाई है, जो अक्सर समाज की भीड़ में अनदेखे रह जाते हैं। जिले की सभी क्राइम यूनिट्स ने संयुक्त रूप 1 दिसंबर से 9 दिसंबर तक कुल 1032 जरूरतमंद लोगों को कंबल, ऊनी कपड़े, जैकेट खाने-पीने की सामग्री वितरित की।

पुलिस की टीमें देर रात गश्त के दौरान सड़कों, चौक-चौराहों, बस स्टैंड, मार्केट एरिया, खाली प्लॉट्स और फुटपाथों पर सो रहे लोगों के पास पहुंची। कई जगह पुलिसकर्मी खुद गाड़ी रोककर उन बुजुर्गों, मजदूरों, महिलाओं और बच्चों से बातचीत करते दिखे, जो ठंड की मार झेलते हुए किसी तरह रात काट रहे थे। पुलिसकर्मियों ने अपने हाथों से उन्हें कंबल ओढ़ाए, गर्म कपड़े पहनाए और खाने का सामान थमाया।

Advertisement

एटीवी स्टाफ ने जरूरतमंदों के लिए भंडारा लगाकर खाने की व्यवस्था भी की। ठंड और भूख से जूझ रहे इन लोगों के चेहरे पर संतोष और राहत के भाव देखकर पुलिसकर्मी भी संतुष्ट दिखे।

 

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि हमारी क्राइम यूनिट्स हर रोज जरुरतमंदो तक पहुंच रही है यह अभियान केवल वस्त्र और भोजन वितरण भर नहीं है, बल्कि समाज में इंसानियत और करुणा का संदेश फैलाने का प्रयास है।

 

उनका कहना है कि पंचकूला पुलिस अपराधियों को पकड़ने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ उन लोगों की भी जिम्मेदारी समझती है, जिनके पास कोई सहारा नहीं। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी नागरिक भूख, ठंड या अभाव के कारण परेशान न रहे।”

साथ ही यह भी कहा कि यदि समाज का हर सक्षम व्यक्ति यदि जरूरतमंद की मदद करने की ठान ले, तो कोई भी इंसान रात ठंड में गुजारने या भूखा रहने के लिए मजबूर नहीं होगा। अधिकारियों ने जिला निवासियों से अपील की है कि वे ऐसे नेक कार्यों में आगे आएं, पुराने कपड़े, कंबल, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं दान करें और अपने आसपास मौजूद लोगों का सहारा बनें।

 

Advertisement
Tap to Refresh