मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी ने विधायकों, सांसदों, मंत्रियों व पार्टी पदाधिकारियों को दिए विशेष दिशा निर्देश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली द्वारा लिखित ‘हमारा ध्येय पंच परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण’ पुस्तक का लोकार्पण
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 25 मई। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने सेवा का महाअभियान चलाने का फैसला लिया है। इसी विषय पर आगे की रुपरेखा तैयार करने के लिए पंचकूला के पंचकमल कार्यालय पर भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने सभी उपस्थित विधायकों, सांसदों व मंत्रियों तथा पार्टी पदाधिकारियों को समाज सेवा के लिए चलाए जाने वाले कार्यक्रमों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अगले महीने चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे एस आई आर के संबंध में भी मतदाता सूची ठीक करने में सहयोग करने की अपील की। कोई ग़लत वोट न कटे और पात्र लोगों के वोट बने इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव आयोग का सहयोग करना चाहिए।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता मेहनत करता है और जनता में जाकर सरकार और पार्टी की नीतियों को रखता है। योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुंचाने में भी मदद करता है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर किए जाने वाले कार्यक्रमों को भी बेहतर तरीके से करने के लिए सभी से कहा। मंच पर इस दौरान प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी, सुरेंद्र पूनिया, डा. अर्चना गुप्ता के अलावा वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के रहे हैं। यही कारण है कि जनता मोदी सरकार पर विश्वास जताती है। हरियाणा में डबल इंजन की सरकार लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एस आई आर कोई नया कार्य नहीं है, लेकिन अब की सालों के बाद हो रहा है, जिससे मतदाता सूची शुद्ध होगी।
राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने भी आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के संबंध में अनेक सुझाव रखे। सभी नेताओं ने मन की बात कार्यक्रम, प्रशिक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक में नशा के खिलाफ प्रदेश भर में अभियान चलाने को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी आत्मा देश के नागरिकों में बसती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 मई से 14 अक्टूबर तक देश के 19 राज्यों में एसआईआर अभियान चलाया जाएगा, जिनमें हरियाणा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध करना है। इसके तहत मृत मतदाताओं के नाम हटाना, दो जगह दर्ज नामों को समाप्त करना, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं को जोड़ना और अवैध घुसपैठियों के नाम सूची से हटाना शामिल है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए और कोई अपात्र व्यक्ति उसमें स्थान न पाए। नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं से मतदाता शुद्धिकरण अभियान में चुनाव आयोग का सहयोग करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी डाक्टर सतीश पूनिया ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व देश में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, अनुच्छेद 370 समाप्ति, राम मंदिर निर्माण, सीएए और तीन तलाक समाप्ति जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय राष्ट्रहित में लिए गए।
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा का महाअभियान, हर जिले में जनसंपर्क से लेकर योग दिवस तक होंगे कार्यक्रम: मोहन लाल बड़ौली
जनसंपर्क और जनकल्याण पर रहेगा फोकस: मोहन लाल बड़ौली
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क और जनकल्याण अभियान चलाएगी। यह अभियान 5 जून से 21 जून तक आयोजित किया जाएगा। श्री बड़ौली ने प्रदेश के हर जिले, मंडल और विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 7 जून को मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं। नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ निरंतर प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये 12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के पूर्ण होने पर अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
उन्होंने कहा कि 8 से 12 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम होंगे। 11 और 12 जून को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री और और वे स्वयं मीडिया से संवाद कर मोदी सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे। वहीं 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश के मंत्री और संगठन के पदाधिकारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इस दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा और विकसित भारत संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिला स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन भी होंगे। प्रत्येक सांसद अपने लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में एक दिन बिताएंगे, जबकि विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र के हर मंडल में एक दिन व्यतीत करेंगे। इसके लिए पांच-पांच सदस्यों की टीम बनाई जाएगी।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा द्वारा 12 से 20 जून तक जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे।ये शिविर तीन दिन तक चलेंगे और प्रदेश सरकार के सहयोग से संचालित होंगे। पार्टी संगठन पात्र लाभार्थियों को शिविरों तक पहुंचाने और योजनाओं का पंजीकरण कराने में सहयोग करेगा।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रत्येक जिले में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन और व्यापारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। बैठकों में मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों पर चर्चा होगी। मोदी सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी हर जिले में लगाई जाएगी। कार्यक्रमों के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता, वॉक्स पॉप वीडियो रिकॉर्डिंग, लाभार्थियों के अनुभव साझा करने और योजनाओं के पंजीकरण जैसे आयोजन भी होंगे।
बड़ौली ने कहा कि भाजपा ने 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। प्रत्येक मंडल में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसमें सामाजिक संगठनों, स्कूलों, महाविद्यालयों और स्थानीय नागरिकों को शामिल किया जाएगा। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल में सामूहिक योग एवं प्राणायाम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर चार सदस्यीय और मंडल स्तर पर तीन सदस्यीय समितियों के गठन के निर्देश दिए हैं।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाया गया है और नारी शक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। वैश्विक चुनौतियों को अवसरों में बदलते हुए भारत आज विश्व मंच पर मजबूत स्थिति में खड़ा है। श्री बड़ौली ने कहा कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं और यह भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है।
भाजपा कार्यालय पंचकमल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली द्वारा लिखित पुस्तक ‘हमारा ध्येय पंच परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण’ का लोकार्पण
मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सहप्रभारी, संगठन मंत्री ने किया पंडित बड़ौली द्वारा लिखित ‘हमारा ध्येय पंच परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण’ पुस्तक का लोकार्पण
यह पुस्तक राष्ट्र निर्माण के विचार को जन-जन तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और शुभम सिंघल द्वारा लिखित पुस्तक ‘हमारा ध्येय पंच परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण’ का सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय पंचकमल में विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता, कृष्ण बेदी और सुरेंद्र पूनिया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुस्तक का विमोचन करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि पुस्तक में पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का संदेश दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक राष्ट्र निर्माण के विचार को जन-जन तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।
पुस्तक विमोचन अवसर पर नेताओं कहा कि यह पुस्तक संगठन की विचारधारा और राष्ट्रहित के संकल्प को मजबूती देने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य नेताओं ने पंडित मोहन लाल बड़ौली और भाई जी सुभम सिंघल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी रचनाएं समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
भाजपा नेताओं ने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।




