सरकार ने पात्र महिलाओं के खातों में 1,500 रुपये जमा किए, वहीं लेक लाडकी योजना में भी दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया को लेकर बदलाव किए गए हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना की लाभार्थी महिलाओं को दिवाली से पहले राहत दी है। योजना के तहत सितंबर महीने की 1,500 रुपये की किस्त पात्र महिलाओं के बैंक खातों में जमा कर दी गई है। त्योहार से पहले महिलाएं इस किस्त का इंतजार कर रही थीं।
विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाते हैं। सरकार ने पहले इस राशि को बढ़ाकर 2,100 रुपये करने का आश्वासन दिया था, लेकिन फिलहाल महिलाओं को 1,500 रुपये ही मिल रहे हैं।
योजना को लेकर जारी है चर्चा
योजना के खर्च को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि इस योजना के कारण राज्य के खजाने पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। वहीं, योजना बंद होने की चर्चाओं के बीच सरकार ने स्पष्ट किया है कि इसे बंद नहीं किया जाएगा।
इस बीच लाभार्थियों का सत्यापन भी जारी है। जांच के दौरान कई महिलाओं के आवेदन निरस्त किए गए हैं। सरकार की ओर से पात्रता की जांच की जा रही है।
लेक लाडकी योजना में भी बदले नियम
राज्य सरकार ने लेक लाडकी योजना की आवेदन प्रक्रिया को भी आसान बनाया है। अब इस योजना का लाभ लेने के लिए महाडीबीटी 2.0 पोर्टल पर सीधे ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन से लेकर पंजीकरण और उसकी स्थिति की जानकारी लेने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है।
पहले आवेदकों को आवेदन के लिए आंगनवाड़ी केंद्र जाना पड़ता था। वहां से आवेदन एकत्र कर परियोजना स्तर पर पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाती थी। इसके बाद आवेदनों की जांच और मंजूरी दी जाती थी।
दस्तावेजों की संख्या भी हुई कम
नई सरकारी प्रक्रिया के तहत आवेदक खुद ऑनलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ ही जरूरी दस्तावेजों की संख्या भी कम की गई है। इससे लाभार्थियों को दस्तावेज जुटाने और आवेदन जमा करने में होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे के अनुसार, फिलहाल इस योजना के लाभार्थियों की संख्या 2,98,695 है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
