दो निरीक्षकों को पुन: सस्पेंड करने का मामला मुख्यालय भेजने के दिए निर्देश
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 19 मार्च : हरियाणा के खाद्य नागरिक, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री राजेश नागर ने आज कुरुक्षेत्र में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए महावीर कॉलानी लाडवा निवासी सोनू नारंग की शिकायत की सुनवाई करते हुए निर्देश देते हुए कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग के सस्पेंड हुए दोनों निरीक्षकों के खिलाफ एफआईआर के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके साथ ही दोनों निरीक्षकों को पुन: सस्पेंड करने की अनुशंसा मुख्यालय भेजी जाए।
बैठक के एजेंडे में 15 मामलों में से 9 मामलों का सुनवाई के बाद मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि बचे हुए 6 मामलों को आगामी बैठक के लिए पेंडिंग रखा गया।
राज्यमंत्री राजेश नागर ने विष्णु कॉलोनी निवासी सोम प्रकाश की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस को निर्देश दिए कि खाते में पेमेंट देने के बावजूद मकान पर कब्जा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए और शिकायतकर्ता को मकान की पॉजेशन दिलवाई जाए। शिकायतकर्ता सोम प्रकाश ने शिकायत में बताया कि उससे पूरी पेमेंट लेकर रजिस्ट्री इंतकाल करवाने के बाद पॉजेशन देने के बाद दोबारा से उसके मकान पर पर कब्जा कर लिया।
राजेश नागर ने गांव झिवंरहेडी निवासी सोमी, नीलम व मनजीत की शिकायत पर केनरा बैंक के अधिकारियों को कहा कि ग्रुप लोन लेने वाली महिलाओं के लोन राशि को सेटल किया जाए। इसी तरह सेक्टर-4 निवासी उर्मिला सोढ़ी की शिकायत पर कहा कि दोनों पक्षों की सुनवाई करते हुए पारिवारिक समझौता करवाया जाए।
उन्होंने अन्य मामलों की भी सुनवाई की और अधिकारियों को उनका समाधान करने के निर्देश दिए।
प्रदेश में रसोई गैस को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क : राजेश नागर
अभी तक प्रदेशभर में 12 एफआईआर हुई दर्ज, 169 सिलेंडर किए जब्त
उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, डीएफएससी के नेतृत्व में जिला स्तरीय कमेटियों का किया गठन
हरियाणा के खाद्य नागरिक, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश में रसोई गैस को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। नागरिकों को घरों में रसोई गैस की दिक्कत नहीं होनी दी जा रही है। वहीं गैस को लेकर कालाबाजारी करने व अवैध प्रयोग करने के प्रदेशभर में अभी तक 12 एफआईआर दर्ज की गई हैं और करीब 169 सिलेंडरों को जब्त किया गया है। इनमें कुरुक्षेत्र में 18, नारनौल 60, करनाल 5, अंबाला में 21, खरखौदा में 28, फरीदाबाद में 18 और जींद में 19 सिलेंडर शामिल हैं।
राजेश नागर वीरवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। इनमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, डीएफएससी को मुख्य रूप से शामिल किया गया है। रसोई गैस से संबंधी शिकायत मिलने पर ये टीम सख्त एक्शन ले रही है।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों की प्रदेश सरकार को पूरी चिंता है। किसी भी नागरिक को पैनिक होने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पीछे से हमारी सप्लाई पूरी आ रही है और आगे भी सप्लाई पूरी दी जा रही है। प्रदेश की स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है। नागरिकों को किसी भी प्रकार से घबराने की जरुरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देखने में ये आया है कि घर में मौजूद सभी सिलेंडरों को पहले ही भरवाने के लिए नागरिक एजेंसियों में पहुंच रहे हैं। तीन से चार महीने में सिलेंडर लेने वाले भी तुरंत बुकिंग करवाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि देश व प्रदेश में स्थिति पूर्णत सामान्य है। ऐसे में सरकार का सहयोग करें और पहले ही तरह ही जरूरी होने पर सिलेंडर लेने जाएं।