राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) प्रमुख अरशिंदर सिंह चावला ने दिए निर्देश
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 23 अप्रैल। हरियाणा में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक एसीबी प्रमुख ए एस चावला की अध्यक्षता में कॉन्फ्रेंस रूम में संपन्न हुई, जिसमें ब्यूरो की विभिन्न शाखाओं एवं रेंज कार्यालयों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान रेड की प्रगति, लंबित जांचों के शीघ्र निस्तारण, स्रोत सूचना रिपोर्ट की गुणवत्ता, न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में दोष सिद्धि दर बढ़ाने तथा कार्यालयों के रख-रखाव एवं तकनीकी उन्नयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई तेज, सटीक और परिणामोन्मुख होनी चाहिए।
प्रभावी रेड के लिए सख्त निर्देश
एसीबी प्रमुख ए एस चावला ने मंडल अधिकारियों एवं यूनिट इंचार्जों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भ्रष्टाचार के मामलों में निरंतर और प्रभावी रेड सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक कार्रवाई ठोस तथ्यों एवं पुख्ता साक्ष्यों पर आधारित हो ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशानी ना हो और निष्पक्षता बनी रहे।
लंबित जांचों के शीघ्र निपटान पर जोर
लंबित जांचों के शीघ्र निपटान हेतु सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाई जाए। साथ ही, प्रत्येक आसूचना रिपोर्ट को तथ्यात्मक, विश्वसनीय एवं मजबूत आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे आगे की कार्रवाई प्रभावी हो सके।
दोष सिद्धि दर बढ़ाने की रणनीति
बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों में दोष सिद्धि दर बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके लिए जांच की गुणवत्ता, साक्ष्य एकत्रित करने व अभियोजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
इस अवसर पर भ्रष्टाचार निरोधक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदक एवं प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। A. S. Chawla ने सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका समर्पण और ईमानदारी पूरे विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है तथा भविष्य में भी इसी निष्ठा के साथ कार्य जारी रखें।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर पुनः बल
बैठक के समापन पर एसीबी प्रमुख ने सभी इकाइयों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखने तथा आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त और निरंतर अभियान जारी रहेगा।