Follow

माता मनसा देवी मंदिर की चौखट पर सिर नवाने सपत्नीक पहुंचे महामहिम राज्यपाल

हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने धर्मपत्नी सहित किए माता मनसा देवी के दर्शन, लिया आशीर्वाद

हवन-यज्ञ में आहुति देकर देश व प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की करी कामना


न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला, 27 मार्च। हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर आज अपनी धर्मपत्नी मित्रा घोष के साथ पंचकूला स्थित ऐतिहासिक माता मनसा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Advertisement

उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर पहुंचने पर उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य प्रशासक सतपाल शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया।

मुख्य मंदिर में दर्शन करने के उपरांत राज्यपाल ने मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ में भाग लिया और आहुति अर्पित की।

Special Offer
ADVERTISEMENT

इस अवसर पर उन्होंने कंजक पूजन भी किया तथा कन्याओं को भोजन करवाया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की कार्यकारी अधिकारी निशा यादव ने राज्यपाल को माता मनसा देवी का चित्र सम्मानस्वरूप भेंट किया।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज अत्यंत शुभ अवसर है, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वे अपनी धर्मपत्नी के साथ माँ मनसा के भक्त के रूप में मंदिर आए हैं और भारत व हरियाणा के लोगों के कल्याण तथा समृद्धि के लिए प्रार्थना की है।

राज्यपाल ने आगे कहा कि उन्होंने माँ मनसा से एक ऐसे राष्ट्र के निर्माण के लिए आशीर्वाद मांगा है, जो सशक्त, प्रगतिशील और करुणामय हो।

उन्होंने कहा कि देश अपने नागरिकों, विशेषकर गरीबों और वंचित वर्गों के कल्याण के प्रति सदैव समर्पित रहे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत उदार मूल्यों को बनाए रखते हुए अपने नागरिकों के हितों की रक्षा करता रहेगा तथा समावेशी विकास और सामाजिक सौहार्द सुनिश्चित करेगा।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, श्राइन बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, काली माता मंदिर के सचिव पृथ्वीराज सहित बोर्ड के सदस्य एवं अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Advertisement
Tap to Refresh