Follow

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने जिस आधुनिक, लोकतांत्रिक, वैज्ञानिक सोच और भाईचारे से परिपूर्ण भारत का सपना देखा था, उसकी प्रासंगिकता आज पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, युवाओं की भागीदारी, पंचायती राज व्यवस्था तथा पारदर्शी शासन को मजबूत करने का जो दूरदर्शी विजन राजीव गांधी ने देश को दिया, उसे वर्तमान भाजपा सरकार कमजोर करने पर लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण आज समाज में वैमनस्य, बेरोजगारी और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। ऐसे समय में राजीव गांधी के विचार देश को एकजुट रखने, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने और युवाओं को अवसर प्रदान करने की प्रेरणा देते हैं। राजीव गांधी जी का दृढ़ विश्वास था कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता, लोकतंत्र और युवा ऊर्जा में निहित है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजीव गांधी के विचारों और सिद्धांतों पर चलते हुए सामाजिक न्याय, भाईचारे, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है।

Advertisement

इस अवसर पर पूर्व विधायक जसबीर मलौर, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन हरियाणा के चेयरमेन फोम लाल, पंचकूला जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान, मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, भूपेंद्र सिंह बूरा, राजेश कोना, रजनीश सिंगला, विजय शर्मा, सुषमा खन्ना, इंदु शर्मा, आर.के. कक्कड़, राकेश सोंधी, प्रो. सुल्तान सिंह ढुल, सुरजीत सिंह पंजोखरा, संजय मालिक सहित अन्य कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी स्वर्गीय राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh