Follow

संचार साथी ऐप के जरिए हर नागरिक के फोन पर जबरन जासूसी, ये लोकतंत्र का गला घोंटने की साजिश : रणदीप सुरजेवाला

 

चंडीगढ़, 3 दिसंबर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज संसद के शून्यकाल में मोदी सरकार पर सबसे बड़ा हमला बोलते हुए “संचार साथी” ऐप को देश के हर स्मार्टफोन यूजर की निजता पर सीधा हमला करार दिया। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि यह ऐप बिना किसी की अनुमति के लोगों के फोन में जबरन इंस्टॉल किया जा रहा है और इसके जरिए सरकार हर नागरिक की जिंदगी की जासूसी कर रही है।

सुरजेवाला ने सदन में कहा कि मोदी जी! आपने देश के हर नागरिक को अपना दुश्मन समझ लिया है क्या? संचार साथी ऐप के जरिए अब सरकार हर व्यक्ति की रियल-टाइम लोकेशन ट्रैक कर सकती है – आप दिनभर कहां गए, किससे मिले, सब पता। फोन पर होने वाली हर बातचीत सुन सकती है – किससे बात की, कितनी देर की, सब रिकॉर्ड। हर भेजा हुआ SMS पढ़ सकती है।व्हाट्सएप के सारे मैसेज देख सकती है। UPI, डेबिट-क्रेडिट कार्ड से क्या-क्या खरीदा, कितने में खरीदा – पूरा हिसाब सरकार के पास। फोन में सेव पासवर्ड, गैलरी की निजी और पारिवारिक फोटो तक – सबकी पहुंच सरकार के पास और सबसे बड़ा खतरा – अगर कोई विदेशी हैकर या खुफिया एजेंसी इस संचार साथी को हैक कर ले तो 140 करोड़ भारतीयों का सारा निजी डाटा एक झटके में लीक हो जाएगा।

सुरजेवाला ने सवाल उठाया कि बिना नागरिक की अनुमति के, बिना संसद की मंजूरी के, बिना कोई कानून बनाए यह ऐप जबरन हर फोन में कैसे डाला जा रहा है?यह नागरिकों की निजता का हनन है, अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है और लोकतंत्र को कुचलने की सबसे खतरनाक साजिश है।

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने मांग की कि संचार साथी ऐप को तुरंत बंद किया जाए, इसे जबरन इंस्टॉल करने की प्रक्रिया रोकी जाए।

Advertisement

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh