राहुल गुप्ता
भिवंडी, 23 अक्टूबर। मुंबई-नासिक हाईवे पर 8.50 करोड़ रुपये के माल से भरे कंटेनर की लूट की शिकायत का पुलिस ने खुलासा किया है। भिवंडी तहसील पुलिस की जांच में सामने आया कि शिकायत दर्ज कराने वाला ट्रक चालक ही कथित साजिश में शामिल था। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पूरा माल बरामद करने का दावा किया है।
नोएडा-गुरुग्राम से भिवंडी पहुंचना था माल
पुलिस के मुताबिक, पतंजलि ट्रांसपोर्ट के कंटेनर में ग्लेन फार्मा कंपनी का 8.50 करोड़ रुपये का माल भरकर नोएडा-गुरुग्राम से भिवंडी तहसील के पूर्णा स्थित गोदाम में पहुंचाया जाना था। 2 अक्टूबर की रात कंटेनर येवई नाका पहुंचा। चालक सोमनाथ पाल ने शिकायत में आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने कंटेनर रोककर उसके साथ मारपीट की और अगवा करने के बाद माल समेत कंटेनर लूट लिया।
चालक ने फोन पर कंपनी मालिक को घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद कंपनी मालिक के कहने पर उसने भिवंडी तहसील पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
बोईसर में मिला कंटेनर, पूरा माल बरामद
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती कार्रवाई में योगेशकुमार जैस्वार, मनीष पाल और शिवकुमार धुरिया को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कंटेनर पालघर जिले के बोईसर में छिपाकर रखा गया था, जबकि उसमें लदा माल एक गोदाम में रखा गया था। पुलिस ने छापेमारी कर 8.50 करोड़ रुपये का पूरा माल बरामद करने का दावा किया।
चालक और हेल्पर की भूमिका उजागर
तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को ट्रक चालक सोमनाथ पाल और हेल्पर रामसिंग यादव की भूमिका पर संदेह हुआ। दोनों से पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, लूट की झूठी कहानी रचने का खुलासा हुआ। आरोप है कि चालक और हेल्पर ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया।
सात लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार, मामले में कुल सात लोगों की भूमिका सामने आई है, जिनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
