भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत: डा. अर्चना गुप्ता
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 4 जून। हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को भाजपा हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आत्म प्रकाश मनचंदा से कुरुक्षेत्र स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डॉ. गुप्ता ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों और भाजपा को प्रदेश में और अधिक मजबूत बनाने को लेकर चर्चा हुई।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने आत्म प्रकाश मनचंदा के संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ नेताओं के अनुभवों से लगातार सीखने का अवसर मिलता है।

आत्म प्रकाश मनचंदा ने भी डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन प्रदेश में और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने पार्टी की नीतियों और जनहित के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र गोल्डी सहित कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।