Follow

विरोध के बावजूद 18 हजार वर्गफुट जगह मुक्त, व्यापारियों ने किया हंगामा

बिना नोटिस दुकानों के बोर्ड हटाने पर व्यापारी महासंघ ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की निष्पक्षता पर उठे सवाल

न्यूज़म ब्यूरो

पुणे, 21 नवंबर। पुणे शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए मनपा आयुक्त नवल किशोर राम के निर्देश पर शुरू किया गया अभियान लक्ष्मी रोड पहुंचते ही विवादों में घिर गया। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र लक्ष्मी रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने विरोध जताते हुए अधिकारियों के साथ तीखी बहस की। इस बीच दुकानों के बाहर लगे बोर्ड और विज्ञापन फलक हटाए गए, लेकिन पार्किंग की जगहों पर चल रही दुकानों और इमारतों के फ्रंट व साइड मार्जिन में हुए स्थायी निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। व्यापारियों के विरोध और हंगामे के बीच अभियान अधूरा छोड़ना पड़ा। हालांकि, पुणे मनपा ने शिवाजी रोड और लक्ष्मी रोड पर संयुक्त कार्रवाई कर करीब 18 हजार वर्गफुट जगह अतिक्रमणमुक्त कराने का दावा किया है।

बोर्ड हटाए, लेकिन स्थायी अतिक्रमण पर कार्रवाई का इंतजार

जंगली महाराज (जेएम) रोड और फर्ग्युसन रोड के बाद मनपा के अतिक्रमण विभाग ने लक्ष्मी रोड पर कार्रवाई शुरू की। बेलबाग चौक से शुरू हुए अभियान में जेसीबी की मदद से दुकानों के बाहर लगे बोर्ड और विज्ञापन फलक हटाए गए।

Advertisement

मनपा आयुक्त के निर्देशों के अनुसार, इमारतों के फ्रंट और साइड मार्जिन में किए गए अनधिकृत निर्माण हटाने के साथ पार्किंग की जगहों को भी उनके मूल उपयोग के लिए खाली कराना था। लक्ष्मी रोड की कई व्यावसायिक इमारतों में पार्किंग स्थलों पर दुकानें संचालित होने और मार्जिन में स्थायी निर्माण कर व्यावसायिक गतिविधियां चलाए जाने की शिकायतें हैं। इन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अभियान की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठने लगे।

व्यापारी महासंघ ने अधिकारियों को दी चुनौती

कार्रवाई शुरू होते ही व्यापारियों ने विरोध जताया। उनका आरोप था कि बिना पूर्व सूचना और नोटिस दिए दुकानों के बोर्ड हटाए जा रहे हैं। पुणे शहर व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष फत्तेचंद रांका भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि यदि दुकानों के बोर्ड नियमों के विरुद्ध थे तो प्रशासन ने इतने वर्षों तक इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की? कार्रवाई से पहले संबंधित व्यापारियों को नोटिस क्यों नहीं दिया गया?

रांका ने अधिकारियों को चुनौती देते हुए पहले एक बोर्ड तोड़कर दिखाने की बात कही। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो जरूरत पड़ने पर पुणे बंद का आह्वान भी किया जा सकता है।

पीएमपी बस और यातायात रोकने की कोशिश

व्यापारियों के विरोध के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पीएमपीएमएल बस और यातायात रोकने की कोशिश की। हालांकि, फत्तेचंद रांका ने हस्तक्षेप करते हुए कार्यकर्ताओं को यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत दी।

इसी दौरान मनपा की सर्वसाधारण सभा भी चल रही थी। चर्चा रही कि कुछ नगरसेवकों ने वरिष्ठ नेताओं से संपर्क कर कार्रवाई रुकवाने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम के कारण करीब 20 मिनट तक सभागृह का कामकाज प्रभावित होने की बात सामने आई। इसके बाद लक्ष्मी रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान अधूरा छोड़ दिया गया।

बेसमेंट पार्किंग से हटाए गए अवैध निर्माण

मनपा के अनुसार, शनिवारवाड़ा से समाधान चौक तक शिवाजी रोड और समाधान चौक से अलका टॉकीज चौक तक लक्ष्मी रोड पर संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान जय हिंद मेन्स एवेन्यू, मेन्स एवेन्यू और वामा हेरिटेज की बेसमेंट पार्किंग से लोहे की जालियां, पार्टिशन, अलमारियां और लॉकर हटाकर जगह खाली कराई गई।

इसके अलावा पीएनजी प्लाजा और ओम मार्केट सहित अन्य व्यावसायिक इमारतों के बेसमेंट का निरीक्षण भी किया गया। मनपा का दावा है कि इस अभियान के तहत करीब 18 हजार वर्गफुट क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है।

आयुक्त के आदेशों पर अमल को लेकर सवाल

मनपा प्रशासन पिछले तीन दिनों से फर्ग्युसन रोड, जंगली महाराज रोड, कोथरूड और शिवाजी रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। लेकिन लक्ष्मी रोड पर व्यापारियों के विरोध के बाद अभियान अधूरा रहने से प्रशासन की निष्पक्षता और कार्रवाई की निरंतरता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh