Follow

पानी की टंकियों की मरम्मत में करोड़ों खर्च, फिर भी हजारों लीटर पानी बर्बाद

प्रहार संस्था ने ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से बिल वसूलने की आशंका जताई, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

न्यूज़म ब्यूरो

उल्हासनगर, 24 नवंबर। एक ओर महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सूखे और पानी की किल्लत की स्थिति बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर उल्हासनगर महानगरपालिका में पानी की बर्बादी और टंकियों की मरम्मत के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप सामने आया है। शहर के ऊंचे जलकुंभ (ESR) और पानी की स्टोरेज टंकियों (MBR) की मरम्मत के लिए करीब 12 करोड़ रुपये के दो कार्यादेश जारी किए गए थे। लेकिन प्रहार संस्था का आरोप है कि करोड़ों रुपये के इन कार्यों के बावजूद टंकियों की वास्तविक और टिकाऊ मरम्मत नहीं की गई। मौके पर केवल रंगरोगन का काम होता दिखाई दे रहा है और इसी के आधार पर बिल निकालने की कोशिश की जा रही है।

12 करोड़ के दो कार्यादेश, मरम्मत पर सवाल

प्रहार संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट स्वप्निल दिलीप पाटिल ने 23 नवंबर 2026 को मनपा आयुक्त, जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता, मध्यवर्ती पुलिस स्टेशन और महाराष्ट्र राज्य के महानिरीक्षक, लेखा एवं परीक्षण विभाग को लिखित शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, जलकुंभों की मरम्मत के लिए 9 करोड़ रुपये का कार्यादेश 24 नवंबर 2025 को और 3 करोड़ रुपये का कार्यादेश 4 सितंबर 2023 को जारी किया गया था। संस्था का दावा है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद टंकियों की मरम्मत का काम संतोषजनक ढंग से पूरा नहीं हुआ है।

Advertisement

तानाजी नगर की टंकी से हजारों लीटर पानी बर्बाद

प्रहार संस्था का आरोप है कि तानाजी नगर स्थित पानी की टंकी से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। संस्था के प्रतिनिधियों ने मौके पर निरीक्षण करने के बाद दावा किया कि निविदा में निर्धारित मरम्मत के कई काम अब तक नहीं किए गए हैं। इसके बावजूद कार्यादेश की समय सीमा समाप्त होने के बाद ठेकेदार और संबंधित अभियंताओं की कथित मिलीभगत से केवल टंकी के बाहरी हिस्से पर रंगरोगन कर बिल वसूलने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था ने सवाल उठाया है कि मरम्मत के नाम पर किए गए कामों का तकनीकी आधार और पूरा विवरण कहां है?

ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग

प्रहार संस्था ने शिकायत में संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संस्था का कहना है कि अब तक हुई पानी की बर्बादी के लिए जिम्मेदारी तय कर दंडात्मक कार्रवाई की जाए और नुकसान की रकम संबंधित ठेकेदार तथा अधिकारियों से वसूली जाए। साथ ही ठेकेदार को काली सूची में डालने की मांग भी की गई है। शिकायत में चेतावनी दी गई है कि यदि अगले 15 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो संस्था की ओर से तीव्र आंदोलन किया जाएगा।

मनपा अधिकारी ने बताई मरम्मत की जरूरत

इस मामले में अशोक सोपान धुले ने बताया कि उल्हासनगर में कुल 24 पानी की टंकियां हैं और चरणबद्ध तरीके से 10-10 टंकियों की मरम्मत का काम लिया जा रहा है। तानाजी नगर की टंकी करीब 50 से 60 साल पुरानी है। इसकी मरम्मत के लिए सात से आठ दिन का समय आवश्यक है और इसके लिए नियोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टंकियों की मरम्मत में अंदर और बाहर की मरम्मत, सीढ़ियों, चेंबर और रंगरोगन जैसे काम शामिल हैं।

सभी टंकियों की मरम्मत की जरूरत

धुले के अनुसार, शहर की पुरानी टंकियों के साथ-साथ नई बनी टंकियों को भी 20 से 22 साल हो चुके हैं। इसलिए सभी टंकियों की मरम्मत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि टंकियों की मुकम्मल मरम्मत के लिए कम से कम एक सप्ताह का समय देना जरूरी है, तभी काम सही तरीके से पूरा हो सकेगा। अब इस मामले में मनपा प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजर है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh