Follow

पंचकूला के कांग्रेसी घोषणापत्र में विकास व जनसुविधाओं पर फोकस, घोटाले की पाई-पाई वसूलेंगे

पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस का विशेष घोषणा पत्र जारी 

न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पंचकूला नगर निगम चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस का विशेष घोषणा पत्र जारी किया। इस अवसर पर विधायक चंद्र मोहन, मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज एवं जिला अध्यक्ष संजय चौहान सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

घोषणा पत्र जारी करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह दस्तावेज़ केवल वादों का संग्रह नहीं, बल्कि पंचकूला के समग्र और योजनाबद्ध विकास का एक ठोस रोडमैप है, जिसे शहर की वास्तविक समस्याओं और जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि घोषणा पत्र में पंचकूला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने, पेयजल व्यवस्था सुधारने, सड़कों और गलियों का पुनर्निर्माण, कचरा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने तथा पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या का स्थायी समाधान करने जैसे अहम मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग, फ्री पार्किंग, सोलर सिटी का निर्माण और शहर में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने का संकल्प लिया गया है।

Advertisement

घोषणा पत्र में RWA के साथ बेहतर तालमेल, सामुदायिक भवनों की बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाने, व्यावसायिक क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण और वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों व जरूरतमंदों के लिए सुविधाजनक सेवाएं सुनिश्चित करने का भी वादा किया गया है।

राव नरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों और कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं—जैसे बिजली, पानी, सड़क और स्वच्छता—सुनिश्चित की जाएंगी। इसके अलावा शहर में सीसीटीवी, वाई-फाई सुविधा, साइबर हब, बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छता सेवाओं के साथ सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण व रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर निगम में हुए घोटालों की जांच करवाकर पाई पाई वसूली जाएगी।

उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि अधूरे विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा और नगर निगम में पारदर्शिता लाकर भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राव नरेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि कांग्रेस का यह घोषणा पत्र पंचकूला के विकास की नई दिशा तय करेगा और शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिकों के अनुकूल बनाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर विकास और जवाबदेही की राजनीति को मजबूत करें। इस पत्रकार वार्ता के दौरान शशि शर्मा, जसवीर मलौर, विजय बंसल,संजय चौहान एवं कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

निकाय चुनाव 2026: कांग्रेस का मेनिफेस्टो जारी

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh