राहुल गुप्ता
चंडीगढ़, 23 अक्टूबर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सीधा सवाल किया है कि वे बताएं कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग द्वारा 50 हजार रुपये का चालान काटे जाने का कारण क्या था। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री विदेश से ऐसा क्या लेकर आए थे, जिसके चलते कस्टम विभाग को यह कार्रवाई करनी पड़ी। इसलिए चालान की रसीद सार्वजनिक की जानी चाहिए।
अनिल सरीन ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के प्रमुख को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का भाई बताकर मुख्यमंत्री जवाबदेही से नहीं बच सकते। उन्होंने इस बयान को हास्यास्पद बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें किस सामान के कारण रोका गया था और कस्टम विभाग ने उनका चालान क्यों काटा। उन्होंने कहा कि कोई भी आरोप लगाने से पहले मुख्यमंत्री को पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए।
अनिल सरीन ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों की नियमित रूप से जांच की जाती है। यह सुरक्षा और कस्टम प्रक्रिया का हिस्सा है। प्रोटोकॉल के तहत मुख्यमंत्री को जांच से छूट मिल सकती है, लेकिन उनके सामान को ऐसी छूट नहीं मिलती। न ही यह छूट उनके साथ यात्रा करने वाले लोगों पर लागू होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान कस्टम विभाग की कार्रवाई को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
