अंबाला, 25 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सोमवार की गत रात्रि अंबाला पहुंचे, जहां उन्होंने अपने एक पारिवारिक विवाह समारोह में शिरकत की। बता दें कि मुख्यमंत्री ने जंग बहादुर सैनी की सुपुत्री के विवाह समारोह में पहुंच कर नवविवाहित वर-वधु को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य, सुखद वैवाहिक जीवन और दीर्घ आयु की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी श्रीमति सुमन सैनी व अन्य परिजन भी मौजूद रहे और उन्होने भी वर-वधु का आर्शीवाद दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में विवाह केवल एक सामाजिक परंपरा नहीं, बल्कि जीवनभर के साथ, सम्मान और जिम्मेदारी का पवित्र बंधन है। उन्होंने कहा कि विवाह संबंधों में प्रेम, विश्वास, धैर्य और समझदारी सबसे महत्वपूर्ण आधार होते हैं और इन्हीं मूल्यों पर एक सशक्त परिवार की नींव रखी जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना पर आधारित है। विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं बल्कि दो परिवारों के एकीकरण का अवसर है। नए परिवार की शुरुआत में संस्कार, परंपराएं और आपसी सम्मान अहम भूमिका निभाते हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि यह विवाह जीवनभर प्रेम, विश्वास और समृद्धि से परिपूर्ण रहे।
उन्होंने कहा कि समाज में पारिवारिक मूल्यों का संरक्षण आवश्यक है, क्योंकि मजबूत परिवार ही मजबूत समाज और मजबूत राष्ट्र का आधार बनते हैं। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों, अतिथियों और आम लोगों से आत्मीय मुलाकात की और सभी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के भाई चंदन सैनी, नम्बरदार सुरेश पाल, पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल व सुभाष सुधा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला प्रधान मनदीप राणा, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, एसडीएम अम्बाला शहर दर्शन कुमार व एसडीएम अम्बाला छावनी विनेश कुमार, भाजपा महिला मोर्चा जिला प्रधान बिनू गर्ग, विधानसभा संयोजक रितेश गोयल और क्षेत्र के अनेक व्यक्ति उपस्थित रहे।