Follow

फिर साथ दिखेंगे अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर

सुची शुक्ला

मुंबई, 29 अक्टूबर। निर्देशक प्रियदर्शन अपनी अगली फिल्म में एक बार फिर अभिनेता अक्षय कुमार के साथ काम करने जा रहे हैं। इस अनाम फिल्म में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर भूमि पेडनेकर का नाम सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रियदर्शन ने भी भूमि को फिल्म में लेने की पुष्टि की है। अक्षय और भूमि इससे पहले 2017 में रिलीज हुई ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और 2022 की फिल्म ‘रक्षा बंधन’ में साथ नजर आ चुके हैं। ऐसे में करीब नौ साल के भीतर यह उनकी तीसरी फिल्म होगी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह प्रियदर्शन के निर्देशन करियर की 99वीं फिल्म होगी, जिसका निर्माण रमेश तौरानी कर रहे हैं। 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कॉमेडी फिल्म में अक्षय कुमार एक अलग अंदाज में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि उनका किरदार अतरंगी और सनकी स्वभाव का होगा। फिल्म में अन्नू कपूर और राजपाल यादव के भी शामिल होने की चर्चा है, हालांकि उनकी भूमिकाओं को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

फिल्म की शूटिंग नवंबर के आखिरी सप्ताह में शुरू होने की खबर है। इसका करीब तीन महीने का शेड्यूल राजस्थान के जंगलों, भोपाल और मुंबई में पूरा किए जाने की योजना है। गौरतलब है कि प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी पहले भी कई सफल फिल्मों में साथ काम कर चुकी है। इस साल भी दोनों ‘भूत बंगला’ और ‘हैवान’ के जरिए साथ आए हैं। अब उनकी अगली फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

Advertisement

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh