Follow

शरद पवार की पार्टी के NDA में जाने की अटकलों के बीच सुप्रिया सुले ने दिया बड़ा संकेत!

परिसीमन बिल पर विरोध के बजाय रखी अपनी बात, बोलीं- पहले मसौदा देखेंगे, अच्छा हुआ तो सभी दल कर सकते हैं समर्थन

राहुल गुप्ता

नई दिल्ली, 26 नवंबर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने की अटकलों के बीच पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले के एक बयान ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है। प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के सवाल पर उन्होंने इसका सीधा विरोध नहीं किया। सुले ने कहा कि पहले विधेयक को सामने आने देना चाहिए। संभव है कि उसमें जनहित से जुड़ी अच्छी बातें हों और सभी राजनीतिक दल मिलकर उसका समर्थन करें।

बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुप्रिया सुले से परिसीमन विधेयक को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा, “पहले बिल को आने दीजिए, पहले देखते हैं। हो सकता है इसमें कुछ अच्छा हो।” उन्होंने राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर सभी दलों के एक साथ आने का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी विधेयक पर फैसला उसके प्रावधानों को देखने के बाद ही किया जाना चाहिए।

पहलगाम हमले और जीएसटी का दिया उदाहरण

Advertisement

सुप्रिया सुले ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद विपक्षी दलों की एकजुटता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमले के बाद शरद पवार उन पहले नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने एकजुटता जताई थी। इसके बाद कांग्रेस समेत विभिन्न दलों के सांसद इस मुद्दे को लेकर विदेश भी गए थे।

उन्होंने जीएसटी विधेयक का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी सभी दलों ने मिलकर इसे पारित किया था। सुले के मुताबिक, यदि परिसीमन विधेयक में कुछ अच्छा और जनहित में हुआ तो संभव है कि सभी राजनीतिक दल उसका समर्थन करें।

NCP में बैठक के बीच NDA में जाने की अटकलें

सुप्रिया सुले का यह बयान ऐसे समय आया है, जब महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार की पार्टी के एनडीए में शामिल होने की चर्चाएं तेज हैं। पार्टी के भीतर चल रही हलचल के बीच सुले ने गुरुवार को पार्टी नेताओं की बैठक भी बुलाई है। इससे राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर और तेज हो गया है।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने दावा किया था कि यदि शरद पवार 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान एनडीए में शामिल हो जाते तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें राष्ट्रपति बना सकते थे। अठावले के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने उस समय शरद पवार से साझा न्यूनतम कार्यक्रम के तहत एनडीए में आने का आग्रह भी किया था, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी।

संजय राउत बोले- पवार साहब उनके साथ नहीं जाएंगे

एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी शरद पवार से कई बार बातचीत हो चुकी है और उन्हें नहीं लगता कि पवार उनके साथ जुड़ेंगे।

राउत ने कहा, “पवार साहब ने अपनी पूरी जिंदगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे लोगों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। उन्होंने अपना जीवन महात्मा फुले, शाहू महाराज और डॉ. आंबेडकर के आदर्शों को फैलाने का काम किया है।” उन्होंने कहा कि शरद पवार ने पूरे महाराष्ट्र में इन विचारधाराओं का प्रचार-प्रसार किया है।

फिलहाल एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर शरद पवार की पार्टी की ओर से कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है। ऐसे में सुप्रिया सुले के बयान और पार्टी की आंतरिक बैठक पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh