दुकान के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में मची अफरा-तफरी, मालिक और कर्मचारी सुरक्षित; पुलिस खंगाल रही है CCTV फुटेज।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 26 नवंबर। मुंबई के माहिम इलाके में बुधवार शाम एक ज्वेलरी शॉप के बाहर अचानक पांच राउंड फायरिंग से हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो बदमाशों ने पीसी जैन ज्वेलरी शॉप के बाहर गोलियां चलाईं और फिर तेजी से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। दुकान के मालिक और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हेलमेट और काली जैकेट में पहुंचे थे हमलावर
जानकारी के मुताबिक, दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर ज्वेलरी शॉप के बाहर पहुंचे थे। उन्होंने दुकान के बाहर पांच राउंड फायरिंग की और इसके बाद मौके से फरार हो गए। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था और काले रंग की जैकेट जैसी पोशाक पहनी हुई थी।
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पुलिस खंगाल रही फुटेज
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास की दुकानों और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप को ही निशाना क्यों बनाया और उनका मकसद दुकान के मालिक को डराना था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।
चश्मदीद ने बताया- फुटपाथ पर तेज रफ्तार से भागे बाइक सवार
घटना के चश्मदीद कृष्णा ने बताया कि उनकी दुकान पीसी जैन ज्वेलरी शॉप से करीब आठ से दस दुकान छोड़कर है। जिस समय फायरिंग हुई, वह अपनी दुकान पर अगरबत्ती जला रहे थे। उन्होंने गोलीबारी होते हुए नहीं देखी, लेकिन अपनी दुकान के पास से एक बाइक को फुटपाथ पर तेज रफ्तार से जाते देखा।
कृष्णा के मुताबिक, बाइक पर दो लोग सवार थे। दोनों ने हेलमेट और काले रंग की जैकेट जैसी पोशाक पहन रखी थी। फुटपाथ पर इतनी तेज गति से बाइक जाते देखकर वह दुकान से बाहर निकले। इसके बाद उन्होंने दोनों को भागते हुए देखा।
कुछ मिनट बाद उन्हें जानकारी मिली कि पास की ज्वेलरी शॉप के बाहर फायरिंग हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने हमलावरों को केवल बाइक से भागते हुए देखा था, फायरिंग करते हुए नहीं।
पुणे कोर्ट के बाहर भी हुई थी फायरिंग
महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन फायरिंग की घटना सामने आई है। इससे पहले 25 नवंबर को पुणे जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था। अब माहिम की ज्वेलरी शॉप के बाहर हुई फायरिंग ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
