जनसभाओं और जनसंवाद कार्यक्रमों में बढ़ता समर्थन, विभिन्न वर्गों ने जताया भरोसा
न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला, 4 मई। नगर निगम चुनाव के मद्देनज़र भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल ने पश्चिम बंगाल और असम में पार्टी की जीत का जश्न मनाते हुए पंचकूला में भी भारी मतों से जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि अब चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है और ईवीएम के माध्यम से मतदान की निष्पक्षता सुनिश्चित होती है।
श्याम लाल बंसल ने कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले बैलेट पेपर में गड़बड़ियां होती थीं। उन्होंने कहा, “मैं खुद इसका भुगतभोगी रहा हूं। पहले बैलेट पेपर इकट्ठा कर कुछ लोग ही वोट डाल देते थे, लेकिन अब ईवीएम से कभी भी जांच संभव है।”

इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं और जनसंवाद कार्यक्रमों में भाजपा को मिल रहे समर्थन को लेकर भी उत्साह देखने को मिला। राजीव कॉलोनी में पूर्व मंत्री राजकुमार बाल्मीकि की मौजूदगी में बाल्मीकि समाज ने श्याम लाल बंसल को उनके वजन के बराबर लड्डुओं से तोलकर समर्थन व्यक्त किया। सभा में समाज के प्रतिनिधियों ने आगामी 10 मई को भाजपा के पक्ष में मतदान का आश्वासन दिया।
बाल्मीकि समाज के प्रधान सुमेर सिंह बिरला ने कहा कि लंबे समय तक समाज को गुमराह किया गया, लेकिन अब सरकार द्वारा खड़क मंगोली में 2100 फ्लैट बनाने की घोषणा से लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने भाजपा को गरीबों के हित में कार्य करने वाली सरकार बताया।
सैक्टर-6 स्थित पार्क में वी.के. सूद द्वारा आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में तेज आंधी और बारिश के बावजूद लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और श्याम लाल बंसल व पार्षद उम्मीदवार परमजीत कौर का स्वागत किया।
इसी तरह सैक्टर-11 में आयोजित कार्यक्रम में मेयर पद के लिए बंसल और पार्षद पद के लिए राकेश जगोता को समर्थन देने का निर्णय लिया गया।
दिव्य योग मंदिर, सैक्टर-7 में आयोजित कार्यक्रम में बंसल ने संतों का आशीर्वाद लिया, वहीं सैक्टर-9, 11, 16 और 28 सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित सभाओं में भी भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कई स्थानों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोगों को मतदान केंद्र तक लाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि शहर के विभिन्न वर्गों और समाजों का समर्थन लगातार बढ़ रहा है, जिससे पार्टी उम्मीदवारों की स्थिति मजबूत होती जा रही है। कार्यक्रमों में राज्यसभा सांसद, पूर्व मेयर, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं के अनुसार, शहर, गांव और कॉलोनियों में पार्टी के प्रति रुझान बढ़ रहा है और चुनावी माहौल उनके पक्ष में बनता दिखाई दे रहा है।
