पंचकूला। नगर निगम पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने शुक्रवार को वार्ड नंबर 1 में करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। महापौर ने सबसे पहले ने स्टेडियम में तैयार किए गए आधुनिक लॉन टेनिस और बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया। खेल सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण वातावरण में अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य हर सेक्टर और हर वार्ड में खेलों को बढ़ावा देना और बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इसी क्रम में महापौर ने वार्ड में स्थित श्मशान घाट पर बनाए गए शौचालय परिसर का भी लोकार्पण किया, जिससे वहां आने वाले लोगों को स्वच्छता और सुविधा का बेहतर वातावरण मिलेगा। इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर 1 में निर्मित नए स्वागत द्वार का भी उद्घाटन किया गया, जो क्षेत्र की पहचान और सुंदरता में इजाफा करेगा।
महापौर कुलभूषण गोयल ने बताया कि उनके कार्यकाल में अब तक लगभग 400 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं, जिनसे शहरवासियों को सीधे तौर पर लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि निगम का प्रमुख ध्यान नागरिक सुविधाओं के विस्तार, खेल संरचनाओं के निर्माण, सफाई व्यवस्था बेहतर करने और हर वार्ड में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर रहा है। बच्चों और युवाओं के लिए बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, क्रिकेट और अन्य खेल सुविधाएं पार्कों में उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है।

वार्ड पार्षद नरेंद्र पाल सिंह लुबाना ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पंचकूला में कई प्रशंसनीय विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग पांच वर्षों में वार्ड नंबर 1 में करोड़ों रुपये के काम पूरे किए गए हैं, जिनसे स्थानीय लोगों को बेहतर सड़कें, पार्क, नालियां, स्ट्रीट लाइट और खेल सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के लोग भाजपा सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों से संतुष्ट हैं और आने वाले समय में भी पंचकूला का चहुंमुखी विकास भाजपा की ही अगुवाई में होगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने भी महापौर और पार्षद का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की भौतिक स्थिति और सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।