Follow

हरियाणा की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं, जनता परेशान, सरकार तुरंत कदम उठाए : कुमारी सैलजा

 

चंडीगढ़, 30 नवंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रदेश में कभी निजी चिकित्सकों की हड़ताल, तो कभी सरकारी डॉक्टरों की पेन-डाउन स्ट्राइक ने आम जनता को गंभीर संकट में डाल दिया है। अस्पतालों में मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से न तो संवेदनशीलता दिख रही है और न ही ठोस समाधान की कोई कोशिश नजऱ आ रही है। सरकार को तुरंत स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी तय करते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए। जनता का जीवन सर्वोपरि है और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

 
मीडिया को जारी बयान में सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि हाल ही में आई रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग की खामियों को साफ उजागर किया है। कोविड-काल में मिले 727 वेंटिलेटरों में से करीब 30 प्रतिशत खराब पड़े हैं। कई जिलों में 15 महीने से एक भी मरीज को वेंटिलेटर सुविधा नहीं मिल सकी। करोड़ों रुपये खर्च कर मशीनें खरीद ली गईं, लेकिन न तो उनका रख-रखाव हुआ और न ही विशेषज्ञ स्टाफ नियुक्त किया गया। यह सरकार की लापरवाही का गंभीर उदाहरण है। कुमारी सैलजा ने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। सरकार को तुरंत डॉक्टरों से वार्ता कर हड़ताल की स्थिति को समाप्त करना चाहिए ताकि इमरजेंसी और सामान्य दोनों तरह की सेवाएं सही ढंग से बहाल हो सकें। वेंटिलेटरों की खराब स्थिति पर तत्काल तकनीकी जांच जरूरी है और जो मशीनें अनुपयोगी पड़ी है, उनका त्वरित मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए।
 
कुमारी सैलजा ने कहा कि कई जिलों में मशीनें मौजूद हैं, लेकिन उन्हें चलाने के लिए प्रशिक्षित तकनीशियन उपलब्ध नहीं हैं। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं लगभग ठप हैं, जिससे गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनता इलाज के लिए तरस रही है, जबकि सरकार केवल दावे करने में व्यस्त है। कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार को तुरंत स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी तय करते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए। जनता का जीवन सर्वोपरि है और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। यदि सरकार समय रहते नहीं जागी तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
 
 
 
सैलजा ने सीएम को पत्र लिखकर की फतेहाबाद के ग्रामीणों की जलभराव समस्या के स्थायी समाधान की मांग
 
फतेहाबाद क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर सांसद कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए तुरंत कार्रवाई की मांग की है। बताया कि फतेहाबाद के गांव जांडवाला आदि में ड्रेन टूटने और जल निकासी न होने से लगभग 1200 एकड़ कृषि भूमि बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
 
कुमारी सैलजा ने लिखा है कि प्राधिकरण और प्रशासन की उदासीनता के कारण समस्या विकराल रूप ले रही है। उन्होंने हिसार-घाघर ड्रेन की जांच, उसके पुनर्निर्माण और 20 फीट चौड़े पक्के नाले सहित स्थायी जल निकासी व्यवस्था बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसानों को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस मुद्दे को प्राथमिकता देकर तत्काल राहत प्रदान की जाए।
 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh