Follow

अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ और दिलजीत के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

मेयर ऋतु तावड़े को भेजे ईमेल में बीएमसी मुख्यालय और मेट्रो को भी निशाना बनाने की चेतावनी

26/11 की बरसी पर मिली धमकी, मनसे ने दिलजीत का कार्यक्रम रद्द करने की मांग की

मुंबई में धमकी से सुरक्षा अलर्ट, अमिताभ का ‘जलसा’ और दिलजीत का कॉन्सर्ट निशाने पर

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 27 नवंबर। मुंबई में 26/11 आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के दौरान अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ और पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को भेजे गए ईमेल में बीएमसी मुख्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क और शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हमले की चेतावनी दी गई थी। पुलिस ने संबंधित स्थानों पर जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है।

Advertisement

ईमेल में 30 दिनों तक हमले की चेतावनी

धमकी भरे ईमेल में कहा गया कि यदि दिलजीत दोसांझ का मुंबई कॉन्सर्ट आयोजित हुआ, तो शहर में लगातार 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले किए जाएंगे। इसमें खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया। ईमेल में ‘बब्बर खालसा (परमार कनाडा)’ और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ जैसे संगठनों के नाम लिखे गए थे। मुंबई मेट्रो नेटवर्क पर आईईडी हमले की चेतावनी भी दी गई थी।

अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को भी धमकी में शामिल किया गया है। इससे पहले अक्टूबर में भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल में उनके आवास का नाम सामने आया था। लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

महालक्ष्मी रेसकोर्स में आज दिलजीत का कार्यक्रम

दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित होना है। धमकी के बाद कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ईमेल में बताए गए संभावित ठिकानों की जांच कर रही हैं।

मनसे ने की कॉन्सर्ट रद्द करने की मांग

दूसरी ओर, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने दिलजीत के कॉन्सर्ट का विरोध करते हुए इसे रद्द करने की मांग की है। पार्टी ने ताड़देव पुलिस स्टेशन में शिकायत देकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। मनसे का सवाल है कि जब कार्यक्रम को लेकर खतरे की आशंका जताई जा रही है, तो इसे रद्द करने के बजाय सुरक्षा क्यों दी जा रही है।

मनसे ने 22 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए एक अन्य लाइव कॉन्सर्ट का भी हवाला दिया है। पार्टी के मुताबिक, उस कार्यक्रम में एंटी-नारकोटिक्स सेल की जांच के दौरान 55 लोगों में से 12 के ड्रग्स सेवन संबंधी टेस्ट पॉजिटिव आए थे। इसी आधार पर उसने आगामी कार्यक्रम में भी नशीले पदार्थों के इस्तेमाल और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई है।

मनसे ने चेतावनी दी है कि कॉन्सर्ट रद्द नहीं हुआ तो वह स्थानीय नागरिकों के साथ महालक्ष्मी रेसकोर्स के पास रास्ता रोको आंदोलन करेगी। धमकी भरे ईमेल और विरोध के बीच पुलिस के सामने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh