Follow

‘आशिकी’ की सफलता मेरे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं थी : कुमार सानू

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 26 नवंबर। मशहूर गायक कुमार सानू ने अपने करियर के सबसे यादगार संगीत एल्बम ‘आशिकी’ की सफलता को याद करते हुए कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि यह इतना बड़ा रिकॉर्ड बनाएगा। 90 के दशक में इस एल्बम के गानों ने संगीत प्रेमियों के बीच ऐसी लोकप्रियता हासिल की कि कुमार सानू की आवाज घर-घर में पहचानी जाने लगी। फिल्म के लगभग सभी गानों को अपनी आवाज देने वाले कुमार सानू के लिए ‘आशिकी’ उनके करियर का निर्णायक पड़ाव साबित हुई और उन्हें बॉलीवुड के प्रमुख गायकों में स्थापित कर दिया।

एल्बम की सफलता को लेकर अपनी प्रतिक्रिया शेयर करते हुए कुमार सानू ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इसे इतनी जबरदस्त लोकप्रियता मिलेगी। उनके मुताबिक, यह सब किसी चमत्कार जैसा था। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात संगीतकार जोड़ी नदीम-श्रवण से कराई गई थी और निर्माता गुलशन कुमार ने एक एल्बम बनाने का प्रस्ताव दिया था। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि यह संगीत एल्बम आगे चलकर इतना बड़ा मुकाम हासिल करेगा। कुमार के अनुसार, उन्होंने इसे सामान्य रिकॉर्डिंग प्रोजेक्ट की तरह ही शुरू किया था।

गायक ने बताया कि शुरुआत में इस एल्बम का नाम ‘चाहत’ रखा गया था। बाद में इसके गाने सुनने के बाद निर्देशक महेश भट्ट को इसकी कहानी का विचार आया और इस पर फिल्म बनाने का फैसला हुआ। कुमार सानू ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह एल्बम एक बड़ी फिल्म का आधार बनेगा और उनकी जिंदगी बदल देगा। सीमित बजट में बनी ‘आशिकी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और इसके संगीत ने हिंदी फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।

Advertisement

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh