Follow

अल्लू अर्जुन की फिल्म में नजर आ सकते हैं गोविंदा

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 26 नवंबर। निर्देशक एटली की आगामी साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म ‘राका’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण अभिनीत इस फिल्म से अब दिग्गज अभिनेता गोविंदा का नाम भी जुड़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा फिल्म में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बताया जा रहा है कि पर्दे पर उनकी मौजूदगी भले ही सीमित समय के लिए हो, लेकिन कहानी में उनका किरदार महत्वपूर्ण मोड़ ला सकता है। हालांकि, इस खबर की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रिपोर्ट में गोविंदा की संभावित कास्टिंग का दावा किया गया है, लेकिन फिल्म के निर्माताओं, अभिनेता या उनकी टीम की ओर से इस संबंध में कोई बयान सामने नहीं आया है। उनके किरदार की प्रकृति और कहानी में उसकी भूमिका को लेकर भी फिलहाल जानकारी उपलब्ध नहीं है। यदि यह खबर सही साबित होती है, तो ‘राका’ दक्षिण भारतीय सिनेमा में गोविंदा की पहली फिल्म होगी। ऐसे में उनकी संभावित एंट्री को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

एटली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अल्लू अर्जुन और दीपिका के अलावा मृणाल ठाकुर, जाह्नवी कपूर और रश्मिका मंदाना के नाम भी चर्चा में हैं। राम्या कृष्णन, योगी बाबू और जिम सर्भ के भी अहम भूमिकाओं में होने की खबरें हैं। फिल्म की कहानी और अन्य किरदारों को लेकर निर्माताओं ने अभी विस्तार से जानकारी शेयर नहीं की है। ‘राका’ के 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है।

Advertisement

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh