Follow

गुरु रविदास जयंती पर निकलेगी यात्रा, 25 को कुरुक्षेत्र पहुंचेगी : सत्यप्रकाश जरावता

न्यूज़म ब्यूरो

जींद, 21 नवंबर। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पटौदी के पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही यात्रा समाज में भाईचारे, समानता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महापुरुषों और संतों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

जरावता शनिवार को जींद के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को जालंधर से शुरू हुई यात्रा 30 नवंबर को वाराणसी पहुंचेगी। यह यात्रा हरियाणा के आठ जिलों से होकर गुजरेगी। 25 नवंबर को यमुनानगर के बाद दोपहर तीन बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में सभा आयोजित की जाएगी। यहां संत-महात्माओं के दर्शन, भोजन और अन्य कार्यक्रम भी होंगे।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को यात्रा करनाल पहुंचेगी और सोनीपत के रास्ते बागपत की ओर रवाना होगी। 28 नवंबर को दिल्ली होते हुए फरीदाबाद पहुंचेगी और इसके बाद उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। जरावता ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने लोगों से राजनीति से ऊपर उठकर यात्रा में शामिल होने की अपील की।
प्रधानमंत्री आवास योजना के के सवाल पर उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने कांग्रेस के समय की घोषणाओं को पूरा किया है। 50 गज के प्लॉट के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं। योजनाओं को और गति दी जाएगी। यदि किसी लाभार्थी को परेशानी है तो वह एसडीएम से मिलकर अपनी समस्या रख सकता है। नौकरियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में सिफारिश के आधार पर नौकरी मिलने की व्यवस्था नहीं है और सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, प्रदेश अध्यक्ष एससी मोर्चा अजय खुंडिया, जिला महामंत्री पुष्पा तायल और सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भरत भूषण टाक राजेश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh