न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 20 नवंबर। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का मान बढ़ाया है। प्रतिष्ठित मनोरंजन पत्रिका वैराइटी की सर्वकालिक 100 महानतम फिल्म सितारों की सूची में शाहरुख को 92वां स्थान मिला है।
इस सूची में जगह बनाने वाले वह इकलौते भारतीय अभिनेता हैं। उनके साथ मर्लिन मुनरो, हम्फ्री बोगार्ट, चार्ली चैपलिन, जैक निकोलसन और कैथरीन हेपबर्न जैसे विश्व सिनेमा के दिग्गज कलाकार भी शामिल हैं।
सूची में पहले स्थान पर मर्लिन मुनरो, दूसरे पर हम्फ्री बोगार्ट, तीसरे पर चार्ली चैपलिन, चौथे पर जैक निकोलसन और पांचवें स्थान पर कैथरीन हेपबर्न हैं। शाहरुख की इस उपलब्धि को वैश्विक सिनेमा में उनकी लोकप्रियता और लंबे समय से बनी पहचान के तौर पर देखा जा रहा है।
भारतीय फिल्मों के साथ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भी उनकी लोकप्रियता ने उन्हें दुनिया के चर्चित फिल्म सितारों की कतार में खड़ा किया है।
काम की बात करें तो शाहरुख जल्द ही निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके जरिए उनकी बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर अपना डेब्यू करेंगी।
फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और अभय वर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन निर्माताओं ने अब तक कथानक से जुड़ी इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
