केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल बोले- विपक्ष के कुछ नेता देश में अराजकता का माहौल बनाने का कर रहे प्रयास
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने अमित शाह को बताया आज का चाणक्य
कहा- अनुच्छेद 370 और 35ए हटाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को किया मजबूत
न्यूज़म ब्यूरो
करनाल, 5 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में करनाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जनसभा को संबोधित किया। तीनों नेताओं ने लोकतंत्र, संविधान, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), राष्ट्रीय एकता और विपक्ष की राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हमारा संविधान और एक सामान्य नागरिक का वोट है। किसी व्यक्ति के पास धन, प्रभाव या बड़े परिवार का नाम हो अथवा न हो, मतदान केंद्र पर उसके एक वोट का महत्व देश के प्रत्येक नागरिक के वोट के बराबर होता है। उस एक वोट में किसान का परिश्रम, मजदूर की उम्मीद, नौजवान का भविष्य और माताओं-बहनों की आकांक्षाएं जुड़ी होती हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चुनाव आयोग की नियमित संवैधानिक प्रक्रिया है, जो समय-समय पर होती रही है। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया को लेकर झूठ और भ्रम फैलाने का काम किया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लोकसभा में दिए गए वक्तव्य का उल्लेख करते हुए कहा कि एसआईआर की शुरुआत वर्ष 1952 में हुई थी और इसके बाद भी अलग-अलग वर्षों में यह प्रक्रिया अपनाई जाती रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की एक आवश्यक प्रक्रिया है।
केंद्रीय मंत्री एवं करनाल के सांसद मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी देश में अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों के दौरान देश में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता देशविरोधी तत्वों को आगे करके उनके कंधों पर बंदूक रखकर देश में भ्रम और अव्यवस्था का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

मनोहर लाल ने कहा कि भारत की जनता लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों के प्रति गहरी आस्था रखती है। हरियाणा की धरती तो सदैव देश की रक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए जानी जाती रही है। ऐसे में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगियों से देश में अराजकता फैलाने की राजनीति बंद करने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने अपने संबोधन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को आज का चाणक्य बताते हुए कहा कि जिस प्रकार इतिहास में आचार्य चाणक्य ने भारत की एकता और अखंडता के लिए कार्य किया तथा विदेशी आक्रांताओं और घुसपैठियों को देश से बाहर करने के लिए रणनीति बनाई, उसी प्रकार आज अमित शाह राष्ट्रीय एकता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए हटाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया और देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आज वे देश को नशे जैसी गंभीर चुनौती से मुक्त करने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि ऐसे दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत इच्छाशक्ति वाले केंद्रीय गृह मंत्री का हरियाणा की ऐतिहासिक धरती पर आगमन प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने करनाल की धरती पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हरियाणा भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी, प्रदेश सह प्रभारी डॉ. भोला सिंह, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार, महिपाल ढांडा, रणबीर गंगवा, राव नरबीर सिंह, कृष्ण बेदी, डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ. कृष्ण मिड्डा, गौरव गौतम, विधायक जगमोहन आनंद, योगेंद्र राणा, भाजपा प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।





