Follow

भाजपा सरकार ने अतिथि शिक्षकों की पक्की नौकरी की उम्मीदों पर चलाया धोखे का बुलडोजर, 10757 शिक्षक नियमित करने से किया साफ इंकार

रणदीप सुरजेवाला का बड़ा हमला — नायब सरकार शिक्षा और रोजगार विरोधी साबित हुई, हाईकोर्ट के आदेश की भी अनदेखी

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़। हरियाणा में नायब सैनी सरकार ने प्रदेश के 10,757 अतिथि शिक्षकों की पक्की नौकरी की उम्मीदों पर बुल्डोजर चला दिया है। भाजपा सरकार ने इन शिक्षकों को नियमित करने से साफ इनकार कर दिया है। इस फैसले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार एक बार फिर शिक्षा और रोजगार विरोधी चेहरा लेकर सामने आई है।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि जवाबदेही से भागते प्रदेश के ‘शिगूफा सीएम’ नायब सैनी ने अपने मुख्य प्रधान सचिव के जरिए अतिथि शिक्षकों के लिए धोखे का फरमान भेज दिया है। शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव भी यही बता रहे हैं कि अतिथि शिक्षकों को नियमित नहीं किया जाएगा और इस संबंध में पहले ही स्पीकिंग ऑर्डर जारी कर दिया गया है।

सुरजेवाला ने सवाल उठाया कि जब भाजपा सरकार अतिथि अध्यापकों को 58 साल की उम्र तक सर्विस जारी रखने का झांसा दे रही है, तो फिर उन्हें पक्की नौकरी का दर्जा और भविष्य की सुरक्षा क्यों नहीं देना चाहती? उन्होंने कहा कि यह हालत तब है जबकि माननीय हाईकोर्ट ने 25 मई 2026 को अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण के दावों पर 18 जून 2014 की नीति के तहत हरियाणा सरकार को विचार करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। लेकिन भाजपा सरकार ने अदालत के आदेश की भी अनदेखी कर दी है।

Advertisement

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति और नियत ही प्रदेश में किसी भी कच्चे कर्मचारी को पक्का करने की नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने “कच्ची नौकरी के झांसे” को हरियाणा के युवाओं को ठगने और उनका शोषण करने का औजार बना रखा है। अब इसके शिकार अतिथि शिक्षक बन गए हैं।

रणदीप सुरजेवाला ने आगे कहा कि हरियाणा में प्राइमरी से लेकर पीजीटी तक शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं। भाजपा सरकार न केवल बच्चों के जीवन में अशिक्षा का अंधकार फैलाने पर आमादा है, बल्कि अतिथि शिक्षकों को भी अनियमितता और असुरक्षा के अंधेरे में रखने का मन बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के बच्चों की जिंदगी से शिक्षा की रौशनी और अतिथि शिक्षकों की जिंदगी से सुरक्षा का भरोसा छीनकर भाजपा ने एक बार फिर अपना असली “चाल, चरित्र और चेहरा” दिखा दिया है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh