मनपा ने 80 निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण; नौपाड़ा-कोपरी में सबसे अधिक 52 को नोटिस
न्यूज़म ब्यूरो
ठाणे, 4 नवंबर। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठाणे महानगरपालिका ने निर्माण स्थलों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मनपा के प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने शहरभर में औचक निरीक्षण कर 80 निर्माण स्थलों की जांच की। इनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 68 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जबकि कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद अभियान तेज
मुंबई हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका पर दिए गए निर्देशों और हाई पावर कमेटी की गाइडलाइंस के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 29 दिशा-निर्देशों का निर्माण स्थलों पर पालन अनिवार्य है। इनमें धूल को फैलने से रोकने, प्रदूषण नियंत्रण के इंतजाम करने और पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
नौपाड़ा-कोपरी में सबसे अधिक उल्लंघन
मनपा के अनुसार, नौपाड़ा-कोपरी और उथलसर प्रभाग समिति क्षेत्र में 58 निर्माण स्थलों की जांच की गई। इनमें से 52 को नोटिस जारी किए गए। कलवा में सात स्थलों की जांच कर सभी को नोटिस दिया गया, जबकि मुंब्रा में तीन में से दो निर्माण स्थलों को नोटिस मिला।
माजीवाड़ा-मानपाड़ा और वर्तकनगर में भी कार्रवाई
माजीवाड़ा-मानपाड़ा और वर्तकनगर क्षेत्र में 12 निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया गया। इनमें से सात को नियमों का उल्लंघन करने पर नोटिस जारी किए गए। इसी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 3.50 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
इसके अलावा एमएमआरडीए और मेट्रो के प्रतिनिधियों के साथ कापूरबावड़ी जंक्शन से गायमुख मार्ग तक विशेष निरीक्षण किया गया। मनपा की मुख्य पर्यावरण अधिकारी विद्या सावंत ने कहा कि वायु गुणवत्ता सुधारने और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अभियान जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
