महाराष्ट्र सरकार ने जारी किया NOC, मनपा के आठ विद्यालयों में लागू होगा राष्ट्रीय पाठ्यक्रम
न्यूज़म ब्यूरो
पुणे, 6 नवंबर। पुणे महानगरपालिका (मनपा) के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। महाराष्ट्र सरकार ने मनपा की आठ नई स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी कर दिया है। इस फैसले से शहर के करीब 17 हजार विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इसे मनपा की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आठ प्रभागों में शुरू होंगे नए विद्यालय
सरकार से NOC मिलने के बाद मनपा ने आठ विद्यालयों में CBSE पाठ्यक्रम लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। ये स्कूल शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित किए जाएंगे। इनमें कर्वेनगर-वारजे प्रभाग का एपीजे अब्दुल कलाम स्कूल, वानवड़ी प्रभाग क्रमांक 18 का स्कूल क्रमांक 62 बी, हडपसर-मांजरी का रामचंद्र बनकर स्कूल और स्कूल क्रमांक 83 बी शामिल हैं।
इसके अलावा येरवडा-वडगांव शेरी प्रभाग का लहुजी सालवे स्कूल, धानोरी-नगर रोड-वाघोली प्रभाग का स्कूल क्रमांक 102 जी, वडगांव बुद्रुक-सिंहगढ़ रोड प्रभाग का स्कूल क्रमांक 203 बी और कोंढवा-उंड्री की नई शाला में भी CBSE पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर की पढ़ाई का मिलेगा अवसर
अब तक मनपा स्कूलों में विद्यार्थियों को राज्य बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा दी जा रही थी। CBSE पाठ्यक्रम लागू होने से उन्हें राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रणाली के अनुरूप पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। गणित, विज्ञान और अन्य प्रमुख विषयों की पढ़ाई को मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिल सकेगी।
सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती
आठ विद्यालयों में CBSE पाठ्यक्रम शुरू होने से मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की तरह राष्ट्रीय पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा मिल सकेगी। करीब 17 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। इस पहल से सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
