तोरणा किला देखने निकले पर्यटकों की कार पाबे घाट में चढ़ाई के दौरान बंद पड़ गई, बारिश से फिसलन भरी सड़क पर हुआ हादसा।
पुणे। तोरणा किला देखने जा रहे तीन पर्यटकों की कार पाबे घाट में करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा उस समय हुआ, जब घाट की चढ़ाई के दौरान कार अचानक बंद पड़ गई। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इसी वजह से कार पीछे की ओर खिसकने लगी और चालक का नियंत्रण छूट गया। हालांकि, पीछे से आ रहे पर्यटकों की तत्परता से कार में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
चढ़ाई के दौरान अचानक बंद पड़ गई कार
जानकारी के मुताबिक, मोनीस अरविंद चव्हाडिया, रितिका सिंह और उमेश हडपसर से कार में सवार होकर तोरणा किला देखने निकले थे। सुबह करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच वे पाबे घाट की चढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक बंद हो गई। उसे दोबारा चालू करने की कोशिश के बीच बारिश और गीली सड़क के कारण कार फिसलने लगी। कुछ ही पलों में कार सड़क से नीचे करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
रस्सी के सहारे पर्यटकों ने किया रेस्क्यू
हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे कुछ पर्यटक मदद के लिए पहुंचे। बचाव दल के पहुंचने से पहले ही उन्होंने रस्सी की मदद से कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
इसके बाद तानाजी भोसले, त्याने सपकाळ, संदीप सोळसकर और दिलीप तळेकर की बचाव टीम ने भी घटनास्थल पर मदद की। तीनों घायलों को आगे के उपचार के लिए वेल्हे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए पुणे शहर भेज दिया गया।
इस हादसे ने एक बार फिर बारिश के दौरान घाटों में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। वहीं, समय रहते मदद के लिए पहुंचे पर्यटकों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
