Follow

बड़े पर्दे पर फिर साथ दिखेंगे शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 23 अक्टूबर। अभिनेता शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। दोनों आगामी फिल्म ‘किंग’ के एक गाने की शूटिंग करने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गाने की शूटिंग 26 अक्टूबर को मुंबई में होगी। इसकी कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी वैभवी मर्चेंट को सौंपी जा सकती है। निर्माताओं ने गाने की शूटिंग के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, गाने के शीर्षक, संगीतकार और इससे जुड़े अन्य कलाकारों के बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस गाने में फिल्म की पूरी कास्ट शामिल हो सकती है। इससे पहले भी शाहरुख और दीपिका के फिल्म के सेट से कुछ वीडियो सामने आए थे, जिनमें दोनों गाने की शूटिंग करते दिखाई दिए थे। हालांकि, आगामी गाने के बारे में निर्माताओं की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। शाहरुख और दीपिका इससे पहले ‘ओम शांति ओम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘पठान’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में दोनों की जोड़ी को एक बार फिर पर्दे पर देखने के लिए प्रशंसक उत्साहित हैं।

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ का निर्माण शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म में शाहरुख और दीपिका के अलावा सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत और अरशद वारसी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। एक्शन थ्रिलर इस फिल्म में शाहरुख एक बार फिर दमदार एक्शन करते दिखाई देंगे। फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Advertisement

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh