सुची शुक्ला
मुंबई, 23 अक्टूबर। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक मधुर भंडारकर अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म के जरिए मुखर्जी के जीवन, उनके राजनीतिक सफर और उनकी विरासत से जुड़े अनसुने पहलुओं को पर्दे पर उतारा जाएगा। परियोजना को आदित्य कुमार हलवासिया का समर्थन मिलेगा। इसका निर्माण भंडारकर एंटरटेनमेंट और एकेएच वेंचर्स के बैनर तले किया जाएगा। फिल्म पर काम अगले साल शुरू होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का संभावित शीर्षक ‘श्यामा-द मिसिंग चैप्टर’ रखा गया है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा, कलाकारों और कहानी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि मधुर भंडारकर अपनी आगामी फिल्म ‘द वाइव्स ऑफ बॉलीवुड’ का काम पूरा करने के बाद इस परियोजना पर ध्यान देंगे। निर्देशक अपनी फिल्मों में सामाजिक और वास्तविक जीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में डॉ. मुखर्जी के जीवन पर बनने वाली इस फिल्म को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई, 1901 को कोलकाता में हुआ था। वह स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री और भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे, जिसे भाजपा का पूर्ववर्ती संगठन माना जाता है। वह जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाली व्यवस्था के विरोधी थे। वर्ष 1953 में बिना परमिट जम्मू-कश्मीर जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। 23 जून, 1953 को हिरासत के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में उनका निधन हो गया। उस समय वह 51 वर्ष के थे। अब मधुर भंडारकर की प्रस्तावित फिल्म के जरिए उनके जीवन के इन महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को किस तरह पेश किया जाएगा, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
