Follow

श्रद्धालुओं की कार एसटी बस से टकराई, 5 लोगों की मौत; सड़क की बदहाली पर लोगों का गुस्सा फूटा

महाराष्ट्र के बीड जिले में खामगांव-पंढरपुर राजमार्ग पर सुबह करीब 11 बजे हादसा हुआ। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

राहुल गुप्ता

बीड, 18 अक्टूबर। महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव तालुका में एसटी बस और कार की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसा सुबह करीब 11 बजे खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार में सवार श्रद्धालु तुलजापुर में दर्शन के लिए जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

सीसीटीवी में कैद हुई टक्कर

Advertisement

हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में बस अपनी लेन में आगे बढ़ती दिखाई देती है, तभी सामने से आ रही कार उससे जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर बस से टकराई। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

खराब सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध

हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताते हुए रास्ता रोको आंदोलन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि माजलगांव-तेलगांव-धारूर मार्ग पर कई जगह सड़क ऊबड़-खाबड़ है और बीच सड़क पर दरारें भी पड़ गई हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण में कथित लापरवाही के लिए ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh