Follow

11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के मामले में कांग्रेस की चुप्पी शर्मनाक : डॉ.अर्चना गुप्ता

राहुल गांधी बताएं क्या कांग्रेस के लिए महिला सम्मान से ज्यादा जरूरी आरोपी सांसद को राजनीतिक संरक्षण देना है ?

कांग्रेस की चुप्पी के खिलाफ 12 अक्टूबर को दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा करेगा ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’

सुबह 11:15 बजे शुरू होगा प्रदर्शन, वरिष्ठ नेताओं के संबोधन और धरने के बाद कांग्रेस मुख्यालय तक निकाला जाएगा विरोध मार्च

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोपी सांसद को कांग्रेस से निष्कासित करने और लोकसभा से इस्तीफा दिलवाने की मांग की

न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला, 11 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले राहुल गांधी अपनी ही पार्टी के सांसद पर लगे गंभीर आरोपों पर मौन क्यों हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ विश्वविद्यालय स्तर पर गंभीर कार्रवाई होने के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी उसकी कथनी और करनी के अंतर को उजागर करती है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 9 अक्टूबर को जेएनयू की आंतरिक समिति ने छात्राओं के यौन उत्पीड़न और अंकों के बदले यौन संबंध बनाने की पेशकश से जुड़े आरोपों को सही पाते हुए संबंधित सांसद के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की। उन्होंने सवाल किया कि इतने गंभीर मामले के सामने आने के बावजूद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अब तक आरोपी सांसद के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या कांग्रेस के लिए महिला सम्मान से अधिक महत्वपूर्ण अपने नेताओं को राजनीतिक संरक्षण देना है?

Advertisement

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ‘स्मैश द पैट्रियार्की’ का नारा देते हैं और प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावों में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा लगाती हैं, लेकिन अपनी ही पार्टी के सांसद पर गंभीर आरोप सामने आने पर कांग्रेस नेतृत्व चुप्पी साध लेता है। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान केवल चुनावी नारों और भाषणों का विषय नहीं, बल्कि राजनीतिक नेतृत्व की नीयत और जवाबदेही की कसौटी है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा कल, सोमवार 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ के तहत विशाल विरोध प्रदर्शन करेगा। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रूप कुमारी चौधरी और महिला मोर्चा प्रभारी श्रीमती दग्गुबाती पुरंदेश्वरी के नेतृत्व में पार्टी की महिला सांसद, विधायक, पार्षद और हजारों महिला कार्यकर्ता इस आंदोलन में भाग लेंगी।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के लिए महिला कार्यकर्ता सुबह 11 बजे तक आईटीओ के पास दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्र सोसाइटी विद्यालय में एकत्रित होंगी। कार्यक्रम सुबह 11:15 बजे प्रारंभ होगा। वरिष्ठ नेताओं के संबोधन और धरने के बाद महिला कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ की ओर विरोध मार्च निकालेंगी। लगभग ढाई से तीन घंटे तक चलने वाले इस आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा जाएगा।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा महिला शक्ति के सम्मान और न्याय के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी संबंधित सांसद को तत्काल कांग्रेस से निष्कासित करें, लोकसभा से उनका इस्तीफा दिलवाएं और पीड़ित 11 छात्राओं से माफी मांगें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को समझना चाहिए कि नारी सम्मान पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार चुप्पी साधना स्वीकार्य नहीं है। देश की नारी शक्ति कांग्रेस से जवाब मांग रही है और कांग्रेस नेतृत्व को जवाब देना ही होगा।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh