Follow

साबरमती नदी पर बना 36 मीटर ऊंचा पुल, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में जुड़ी एक और बड़ी कड़ी

राहुल गुप्ता

अहमदाबाद, 5 अक्टूबर। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने एक और अहम पड़ाव पार कर लिया है। अहमदाबाद में साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। नदी के तल से 36 मीटर यानी करीब 118 फीट ऊंचा यह पुल लगभग 12 मंजिला इमारत जितना ऊंचा है। यह साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेगा।

यह पुल साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन से करीब 1 किलोमीटर और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन से लगभग 4 किलोमीटर दूर है। इसका निर्माण पश्चिमी रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के समानांतर किया गया है।

36 मीटर ऊंचाई पर दौड़ेगी बुलेट ट्रेन

India's First Bullet Train: साबरमती नदी पर 12 मंजिला इमारत जितना ऊंचा पुल  तैयार, जिससे गुजरेगी देश की पहली बुलेट ट्रेन - Utility AajTak

पुल को सहारा देने के लिए 8 गोलाकार स्तंभ बनाए गए हैं, जिनका व्यास 6 से 6.5 मीटर के बीच है। नदी के जल प्रवाह में बाधा न आए, इसलिए इन स्तंभों को चुनिंदा स्थानों पर बनाया गया है। बुलेट ट्रेन कॉरिडोर कई जगह फ्लाईओवर, रेलवे लाइन और मेट्रो कॉरिडोर से होकर गुजरता है। ऐसे में ट्रैक को जमीन के करीब रखने के बजाय ऊंचाई पर ले जाना जरूरी था।

Advertisement

पुल के स्तंभों की ऊंचाई 31 से 34 मीटर तक है। इसके निर्माण में बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक के जरिए नदी के गहरे पानी में किसी अस्थायी ढांचे का सहारा लिए बिना स्तंभों के दोनों ओर कंक्रीट के सेगमेंट जोड़कर पुल को आगे बढ़ाया गया।

3 स्पैन बनकर तैयार, सेगमेंट ढलाई जारी

साबरमती नदी पुल की नींव और निचला ढांचा तैयार हो चुका है। इसके 76 मीटर लंबे 3 स्पैन भी बन चुके हैं। अब पिलर हेड के ऊपर सेगमेंट ढलाई का काम तेजी से चल रहा है।

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की लंबाई 508 किलोमीटर है और इस रूट पर कुल 25 नदी पुल बनाए जा रहे हैं। साबरमती नदी पर बना यह पुल इनमें महत्वपूर्ण पुलों में शामिल है। इस कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगी।

गुजरात में 21 और महाराष्ट्र में 4 नदी पुल

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में गुजरात में 21 और महाराष्ट्र में 4 नदी पुल बनाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र के पालघर जिले में वैतरणा नदी पर 2.3 किलोमीटर लंबा पुल इस परियोजना का सबसे लंबा नदी पुल है।

गुजरात के भरूच जिले में नर्मदा नदी पर 1.4 किलोमीटर लंबा पुल बनाया गया है। इसके पिलरों की गहराई 70 मीटर से अधिक है। वहीं वलसाड जिले में दमन गंगा नदी पर 360 मीटर लंबा पुल तैयार किया गया है। यह वापी और बोईसर स्टेशनों के बीच स्थित है।

वलसाड जिले की औरंगा, कोलक, दरोथा और दमन गंगा समेत प्रमुख नदियों पर पुलों का निर्माण भी पूरा हो चुका है। वडोदरा में विश्वामित्री नदी पर बने पुल को शहर की घनी आबादी और नदी में मौजूद मगरमच्छों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh