न्यूज़म ब्यूरो
भाईंदर, 22 सितंबर।एमबीवीवी काशीगांव पुलिस थाने की गुन्हे प्रकटीकरण शाखा ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए होटल के कमरे में जुआ खेल रहे 9 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गोपनीय सूचना पर छापेमारी
गौरतलब है कि काशीगांव पुलिस थाने से मिली जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर को दोपहर 2:30 बजे के आसपास सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबले को उनके गोपनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि कुछ लोग फाउंटेन होटल के पास एक होटल के कमरे में जुआ खेल रहे हैं। जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार पाटील के मार्गदर्शन में अपराध शाखा की टीम ने काजूपाड़ा स्थित गोल्डन रिट्रीट नामक होटल के एक कमरे में छापा मारा और जुआ खेलते हुए सभी 9 आरोपियों संजय चालके, देवांग चल्ला, देवांग सागर, चंदूभाई मेवरिया, धरम, मुनीर, जयेश, हरेश और धवल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कुल 48 लाख 55 हजार 20 रुपये का माल-मत्ता जब्त किया।
मुंबई, वसई और मुंब्रा के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी मुंबई, वसई और मुंब्रा के रहने वाले हैं। नगद राशि 22,780 रुपये, पैसे के स्वरूप में खेलने के लिए इस्तेमाल होने वाले 2 लाख 97 हजार 800 रुपये कीमत के प्लास्टिक कॉइन, ताश के पत्तों के 9 सेट, महिंद्रा कंपनी की दो XUV 700 कारें और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
एमबीवीवी पुलिस की चेतावनी
पुलिस उपायुक्त (जोन-1) राहुल चव्हाण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में कहीं भी अवैध रूप से जुआ, सट्टा या किसी भी प्रकार का गैरकानूनी अड्डा चलता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को देकर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
