रावेर में रास्ता रोकने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने लिया पथराव का रूप, पुलिस ने दंगा, पथराव और एट्रोसिटी एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
राहुल गुप्ता
जलगांव, 21 सितंबर।
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रावेर में घरेलू गणपति विसर्जन के दौरान रास्ता रोकने को लेकर रविवार शाम दो गुटों के बीच विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला पथराव तक पहुंच गया। घटना में 2 से 3 लोगों के घायल होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव
विवाद के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि फिलहाल शांति है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और अफवाहें फैलाने से बचें।
रावेर पुलिस ने मामले में दंगा, पथराव और एट्रोसिटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस घटना के कारणों और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही जलगांव के जिला पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धीवरे और अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित रावेर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल और आसपास के इलाके का जायजा लिया।
फिलहाल स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है। पुलिस की ओर से इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
गाजियाबाद में भी गणपति विसर्जन के दौरान हुआ था विवाद
इससे पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के साहिबाबाद में भी गणपति विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। यहां डीजे बजाने को लेकर पहले से चल रहा विवाद विसर्जन के दौरान फिर भड़क गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
बताया गया था कि गणपति स्थापना के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच डीजे बजाने को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन विसर्जन के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो विवाद फिर बढ़ गया। घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दी।
गणपति विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान विवाद की घटनाओं को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
