Follow

CM सैनी ने कराई बल्ले-बल्ले, अब इन्हें मिलेगा 30 जून 2025 तक का बोनस

राइस मिलर्स को दिया जाएगा 30 जून 2025 तक का बोनस : मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) डिलीवरी के संबंध में राइस मिलर्स तथा अधिकारियों के साथ की बैठक 

मुख्यमंत्री ने दिया मिलर्स की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासनराइस मिलर्स एसोसिएशन ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 6 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राइस मिलर्स को 30 जून 2025 तक का बोनस देने की घोषणा करते हुए मिलर्स की अन्य सभी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का भरोसा दिलाया। इस पर राइस मिलर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बृहस्पतिवार को हरियाणा निवास में राइस मिलर्स एसोसिएशन के साथ बैठक कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने राइस मिलर्स के साथ कस्टम मिल्ड राइस डिलीवरी व भंडारण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता तथा खाद्य आपूर्ति विभाग के आयुक्त एवं सचिव जे गणेशन भी मौजूद थे।

बैठक में राइस मिलर्स ने बताया कि भारत सरकार ने अब और अधिक चावल की डिलीवरी लेने से मना कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस संबंध में केंद्र सरकार से बातचीत कर समस्या का समाधान करने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष केंद्र सरकार ने हरियाणा के लिए 55 लाख मीट्रिक टन चावल खरीद का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन इस बार हरियाणा में धान का उत्पादन उम्मीद से अधिक हुआ है जोकि खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मिलर्स की इस समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिख दिया है और इस संबंध में कल भारत सरकार के साथ मीटिंग भी की जानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर समस्या के समाधान के लिए मिलर्स के साथ खड़ी है।

राइस मिलर्स ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मिलर्स को 2024-25 की 15 मार्च तक की बोनस राशि दी जा चुकी है। मिलर्स ने 30 जून 2025 तक का बोनस देने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री के समक्ष किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बोनस का प्रावधान निर्धारित तिथि तक चावल की डिलीवरी करने वाले मिलर्स के लिए किया गया था लेकिन राइस मिलर्स के समक्ष आने वाली चुनौतियों को देखते हुए उन्होंने 30 जून 2025 तक का बोनस भी राइस मिलर्स को देने की घोषणा की। इस पर राइस मिलर्स ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

राइस मिलर्स ने चावल की डिलीवरी के लिए गोदामों की कमी की समस्या को भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाते हुए भंडारण क्षमता बढ़वाने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अलग-अलग एजेंसियांे को पहले ही भंडारण क्षमता में बढ़ोतरी करने के आदेश दिए जा चुके हैं। सरकार द्वारा बड़े वेयर हाऊस तथा बिग साइलोज बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही प्रदेश में भंडारण के लिए गोदामों की कमी की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा।

इनके अलावा मुख्यमंत्री ने राइस मिलर्स की अन्य सभी समस्याओं के समाधान के संबंध में भी भरोसा दिलाया और उन्हें मिल्ड राइस की डिलीवरी समय पर देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मिलर्स की समस्याओं का समाधान करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति विभाग के महानिदेशक अंशज सिंह, कृषि विभाग के महानिदेशक राजनारायण कौशिक, हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक डॉ. शालीन, हैफेड के प्रबंध निदेशक अनीश यादव सहित अन्य अधिकारी तथा विभिन्न जिलों से आए राइस मिलर्स भी उपस्थित थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh