स्वयं सहायता समूह की बहनों से मिलीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता
स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं: डा. अर्चना गुप्ता
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने करनाल जिले के बसताड़ा गांव में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एचएसआरएलएम) के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूह की बहनों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। आज महिलाएं केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष ने महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों, स्वरोजगार गतिविधियों और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं और इनके माध्यम से हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भी महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे गांवों की महिलाएं रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त कर रही हैं।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वयं सहायता समूह केवल आर्थिक गतिविधियों का माध्यम नहीं हैं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भागीदारी को भी बढ़ावा दे रहे हैं। आज ग्रामीण महिलाएं अपने उत्पादों को स्थानीय बाजारों के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों से भी लोगों तक पहुंचा रही हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है और उनका जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूह की बहनों से आह्वान किया कि वे अपने कार्य का लगातार विस्तार करें और अन्य महिलाओं को भी इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठित प्रयासों से महिलाएं न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के कार्यों की सराहना की और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उनकी आय बढ़ी है, आत्मविश्वास मजबूत हुआ है तथा वे आर्थिक रूप से पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सशक्त बनी हैं।
कार्यक्रम का समापन महिलाओं को आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित महिलाओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।